केवल ईडी, सीबीआई, आईटी हैं राजग के तीन मजबूत दल : उद्धव ठाकरे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 26, 2023

मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसते हुए कहा कि केवल प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर विभाग और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के ‘‘तीन मजबूत दल’’ हैं। ठाकरे ने राज्यसभा सदस्य एवं शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र ‘सामना’ के कार्यकारी संपादक संजय राउत से साक्षात्कार के दौरान मणिपुर में जातीय हिंसा को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूर्वोत्तर राज्य का दौरा तक करने के लिए तैयार नहीं हैं। ठाकरे ने भाजपा नीत राजग की हालिया बैठक का परोक्ष संदर्भ देते हुए दावा किया कि जब चुनाव नजदीक आते हैं, तो सरकार भाजपा के लिए राजग सरकार होती है, लेकिन चुनाव के बाद यह मोदी-सरकार बन जाती है।

इस साक्षात्कार का पहला हिस्सा बुधवार को ‘सामना’ में प्रकाशित किया गया। ठाकरे ने समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर कहा कि भाजपा को पहले कश्मीर से कन्याकुमारी तक गोहत्या पर प्रतिबंध के लिए कानून लाना चाहिए। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कानून के सामने हर कोई समान है, तो भाजपा में जो लोग भ्रष्ट हैं, उन्हें भी दंडित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘असली शिवसेना’ वहीं है, जहां ठाकरे परिवार है। ठाकरे ने कहा कि जिन लोगों ने शिवसेना में फूट डाली थी, उन्होंने सोचा था कि इससे पार्टी खत्म हो जाएगी, लेकिन यह फिर से उभर रही है। उन्होंने कहा कि यह एक तरह से अच्छा ही हुआ, ‘‘ क्योंकि बगावत करने वाले कई दिग्गज लंबे समय से अपनी सीटों पर काबिज हैं लेकिन अब उनकी जगह नए लोगों को मौका मिल सकता है।’’

इसे भी पढ़ें: No Confidence Motion: इतनी तैयारी करें फिर 2023 में मिले अविश्वास प्रस्ताव लाने का मौका...सच साबित हुई PM मोदी की 2018 वाली भविष्यवाणी?

विधायक एकनाथ शिंदे और 39 अन्य विधायकों ने पिछले साल जून में शिवसेना नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह कर दिया था, जिससे पार्टी में फूट पड़ गई थी और ठाकरे नीत महा विकास आघाडी की सरकार गिर गई थी। शिंदे बाद में भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बन गए। मुख्यमंत्री शिंदे सहित शिवसेना के 16 विधायकों को अयोग्य घोषित करने की मांग वाली याचिकाओं के बारे में ठाकरे ने कहा कि अगर राज्य विधानसभा के स्पीकर राहुल नार्वेकर न्याय नहीं करेंगे तो उनकी पार्टी के लिए उच्चतम न्यायालय के दरवाजे खुले हैं।

प्रमुख खबरें

ICC T20 World Cup: Shafali Verma का बड़ा बयान, ऑस्ट्रेलिया को हराने का भरोसा, Semifinal पर नजर

Rajnath Singh का बयान अफवाहों का था जवाब, Operation Sindoor पर भ्रम फैलाने वालों को MoD ने दिया करारा जवाब

China के 109 मंजिला बुर्ज खलीफा से टकराया विमान, उड़ गए परखच्चे, Video

TET पेपर लीक पर सियासी घमासान, राहुल गांधी बोले- हर युवा असुरक्षित, ये भविष्य की चोरी है