लोकसभा चुनाव के शुरुआती दो चरण में मात्र आठ प्रतिशत महिला उम्मीदवार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 28, 2024

नयी दिल्ली। लोकसभा चुनाव के शुरुआती दो चरण के दौरान चुनावी मैदान में उतरे कुल 2823 उम्मीदवारों में से केवल आठ प्रतिशत महिलाएं थीं। राजनीतिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह आंकड़ा लैंगिक आधार पर पूर्वाग्रह की गंभीर समस्या को दर्शाता है और महिलाओं को सशक्त बनाने की बातें खोखली लगती हैं। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 135 महिला उम्मीदवार थीं, जबकि दूसरे चरण में 100 महिला उम्मीदवार थीं यानी शुरुआती दो चरण में कुल मिलाकर 235 महिला उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरीं। 

दिल्ली विश्वविद्यालय के जीसस एंड मैरी कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुशीला रामास्वामी ने कहा कि राजनीतिक दलों को महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘राजनीति दलों को अधिक अग्रसक्रिय होना चाहिए था और अधिक महिला उम्मीदवारों को खड़ा करना चाहिए था।’’ अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. इफ्तिखार अहमद अंसारी ने कहा कि भारत के कुल मतदाताओं में लगभग आधी संख्या महिलाओं की है, ऐसे में उम्मीदवारों के रूप में उनका कम प्रतिनिधित्व राजनीतिक क्षेत्र में महिलाओं की पूर्ण भागीदारी को रोकने वाली बाधाओं को लेकर सवाल खड़े करता है। 

उन्होंने प्रतीकात्मक कदम उठाने और वादे करने के बजाय राजनीति में महिलाओं के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने की खातिर संरचनात्मक सुधारों के महत्व पर जोर दिया और लैंगिक विविधता को बढ़ावा देने में पार्टी नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। बीजू जनता दल (बीजद) एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो महिला उम्मीदवारों को नीतिगत तौर पर 33 प्रतिशत टिकट देती है। बीजद के बीजू महिला दल की राज्य इकाई की उपाध्यक्ष मीरा परिदा ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया और महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षित करने की अपनी पार्टी की पहल की सराहना की। 

इसे भी पढ़ें: Sandeshkhali : CBI जांच के अदालत के आदेश के खिलाफ पश्चिम बंगाल सरकार उच्चतम न्यायालय पहुंची

उन्होंने व्यापक सुधारों की वकालत करते हुए कहा, ‘‘केवल सीट आरक्षित करना पर्याप्त नहीं है। हमें एक सांस्कृतिक बदलाव की जरूरत है जिसमें महिलाओं को नेता और निर्णय लेने वालों के रूप में देखा जाए।’’ लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से सात चरणों में हो रहे हैं और दुनिया की सबसे बड़ी चुनावी प्रक्रिया के लिए मतगणना चार जून को होगी। दूसरा चरण के तहत 26 अप्रैल को मतदान हुआ था जबकि अन्य चरणों के तहत चुनाव सात मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को होना है।

प्रमुख खबरें

England Cricket Board को बड़ा झटका: Andy Flower ने खुद को हेड कोच की रेस से किया बाहर

F1 Belgium GP: Mercedes के युवा सितारे Kimi Antonelli का दबदबा, दिग्गज Verstappen और Norris पर भारी पड़े

Slavko Vinčić को मिली FIFA World Cup Final की कमान, Spain vs Argentina खिताबी भिड़ंत के बनेंगे गवाह

क्रिकेट इतिहास के सबसे महान All-rounder Sir Garfield Sobers का 89 की उम्र में निधन, Cricket World में शोक की लहर