By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 22, 2024
तिरुवनंतपुरम। केरल में वाममोर्चा सरकार के चार साल पूरे होने के बीच मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार की योजना ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था विकसित करने और एक नवंबर 2025 तक राज्य से अत्यधिक गरीबी को खत्म करना है। केरल सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विजयन ने एक बयान में कहा कि वाम मोर्चा सरकारों ने राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास पर ध्यान केंद्रित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह सरकार बुनियादी ढांचे के विकास और कल्याण क्षेत्र में उपलब्धियों पर जोर देते हुए केरल को एक ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था में बदलने का प्रयास कर रही है।”
विजयन ने कहा कि केंद्र सरकार भारतीय रेलवे और अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के केंद्रीय उपक्रमों सहित केंद्र सरकार के विभिन्न प्रतिष्ठानों में कई रिक्तियों को भरने में विफल रही है, वहीं केरल लोक सेवा आयोग (पीएससी) पूरे देश के लिए एक मॉडल है। मुख्यमंत्री ने कहा, “ वामपंथी सरकार ने 2016 से पीएससी के माध्यम से 2.5 लाख नौकरियां दी हैं। सरकार ने 30,000 और पद भी सृजित किए हैं। सार्वजनिक क्षेत्र के राज्य उपक्रमों में भर्ती के लिए एक विशेष भर्ती बोर्ड का गठन किया गया था।” उन्होंने केंद्र सरकार पर राज्य को आर्थिक तौर पर पंगु बनाने का आरोप लगाया।