देश में 17 वर्षों में 1,760 से अधिक Elephants की मौत, RTI में करंट सबसे बड़ा कारण

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

(अलिंद चौहान) नयी दिल्ली, 16 नवंबर देशभर में 2009-2010 से 2025-2026 के बीच करंट लगने, ट्रेन की चपेट में आने, अवैध तरीके से शिकार किए जाने और जहर दिए जाने के कारण 1,760 से अधिक हाथियों की मौत हुई है। सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत पूछे गए एक सवाल के जवाब में केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस अवधि में करंट लगने से सबसे अधिक 1,185 हाथियों (67 प्रतिशत) की मौत हुई। इसके अलावा, ट्रेन से टकराने के कारण 277 (16 प्रतिशत), शिकार किए जाने से 222 (13 प्रतिशत) और जहर दिए जाने से 81 (पांच प्रतिशत) हाथियों की जान गई।

इस संबंध में आरटीआई आवेदन दाखिल करने वाले कार्यकर्ता अमित गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘करंट लगना महज एक दुर्घटना नहीं है। हाथियों के गलियारों में अवैध रूप से बिजली के तारों की बाड़ लगाना, बिना सुरक्षा उपकरण वाली विद्युत लाइन सीधे तौर पर लापरवाही को दर्शाती हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ट्रेन की चपेट में आने से होने वाली मौतें भी महज हादसे नहीं हैं। ये ट्रेन की रफ्तार कम नहीं करने, भूमिगत रास्ते नहीं बनाने और हाथियों के गलियारों की सुरक्षा करने में नाकामी का नतीजा हैं।’’ केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले कुछ वर्षों में करंट लगने से हाथियों की मौत के मामलों में लगातार वृद्धि हुई है।

उदाहरण के लिए, 2009-2010 से 2013-2015 के बीच करंट लगने से 267 हाथियों की मौत हुई, जबकि 2021-2022 से 2025-2026 के बीच यह संख्या बढ़कर 441 हो गई। इस तरह ऐसे मामलों में 65 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2009-2010 से 2025-2026 के बीच करंट लगने से हाथियों की सर्वाधिक मौतें ओडिशा में हुईं, जहां 238 हाथियों की जान गई।

इसके बाद कर्नाटक (195) और असम (191) का स्थान रहा। आंकड़ों के अनुसार, करंट लगने के बाद ट्रेन की चपेट में आना हाथियों की मौत का दूसरा सबसे बड़ा कारण रहा। इस दौरान ट्रेन से टकराने के कारण कुल 277 हाथियों की मौत हुई।

पिछले तीन वित्त वर्षों यानी 2022-2023, 2023-2024 और 2024-2025 में ही ऐसे 44 मामले सामने आए। इस अवधि में अकेले असम में ट्रेन की चपेट में आने से 30 हाथियों की मौत हुई। वहीं, वर्ष 2009-2010 से 2025-2026 के बीच ट्रेन से टकराने के कारण हाथियों की सबसे अधिक 90 मौत भी असम में दर्ज की गईं।

पश्चिम बंगाल 68 मौतों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत दी गई जानकारी के मुताबिक, जहर दिए जाने के कारण हाथियों की सबसे अधिक मौतें भी असम में हुईं। वर्ष 2009-2010 से 2025-2026 के बीच राज्य में ऐसे 47 मामले दर्ज किए गए, जो जहर से हुई कुल मौतों का 58 प्रतिशत है।

इस मामले में ओडिशा 15 मौतों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। सभी कारणों से हुई मौतों को मिलाकर देखें तो वर्ष 2009-2010 से 2025-2026 के बीच ओडिशा में सबसे अधिक 371 हाथियों की जान गई। इसके बाद असम में 356 और कर्नाटक में 223 हाथियों की मौत दर्ज की गई।

प्रमुख खबरें

फॉर्म-6, SIR और CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ SC में नया आवेदन, 48 सवालों की लिस्ट दी

दिसंबर 2027 तक 95000 के पार पहुंचेगा Sensex, Morgan Stanley ने जताया अनुमान

यमुना में 520 नालों का गंदा पानी आ रहा, सुप्रीम कोर्ट ने दे दी सख्त चेतावनी

Lakshmi Venu ने पिता Venu Srinivasan से TVS परिवार की संयुक्त संपत्ति में मांगा बराबर हक