By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 05, 2026
मुजफ्फरनगर (उप्र), पांच अगस्त श्रावण मास में जारी कांवड़ यात्रा के दौरान अब तक 50 लाख से ज्यादा कांवड़िये हरिद्वार से पवित्र गंगा जल लेकर हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अपने गंतव्यों के लिए जाते हुए मुजफ्फरनगर से गुजरे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने बुधवार को बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि जिले में कांवड़ मार्गों पर चार हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किये गये हैं, जिनमें आतंकवाद रोधी दस्ता (एटीएस) और बम निरोधक दस्ते भी शामिल हैं।
हालांकि, मार्ग परिवर्तन की वजह से आने-जाने वालों को परेशानी हो रही है, कई लोगों को दूसरे रास्तों पर ज्यादा समय लग रहा है और बस व टैक्सी का किराया भी ज्यादा देना पड़ रहा है। अधिकारियों ने बताया कि मार्ग परिवर्तन योजना का दूसरा चरण 12 अगस्त तक लागू रहेगा। कांवड़ यात्रा 30 जुलाई को शुरू हुई थी और 11 अगस्त को खत्म होगी।
हर साल होने वाली इस यात्रा के दौरान भगवान शिव के करोड़ों भक्त हरिद्वार से पवित्र गंगा जल लाते हैं और उसे पैदल चलकर अपने घरों के पास स्थित शिव मंदिरों में चढ़ाते हैं।