पूर्वी लद्दाख में गतिरोध वाले बिंदुओं पर स्थिति में कोई बदलाव नहीं, तनाव बरकरार: सूत्र

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 14, 2020

नयी दिल्ली। भारत और चीन के विदेश मंत्रियों के सीमा पर लंबे समय से चल रहे गतिरोध के समाधान के लिये पांच सूत्रीय योजना पर सहमत होने के बावजूद पूर्वी लद्दाख के गतिरोध वाले बिंदुओं पर स्थिति में कुल मिलाकर कोई बदलाव नहीं है। सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने यह भी कहा कि वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारत और चीनी सैनिक अपनी-अपनी जगह पर मजबूती से कायम हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और चीनी सैनिकों की तरफ से कोई नई हलचल नहीं दिखी है। 

भारत और चीन के विदेश मंत्रियों एस जयशंकर और वांग यी के बीच पिछले बृहस्पतिवार को मास्को में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक के इतर हुई बातचीत में सीमा विवाद के समाधान के लिये एक सहमति बनी थी। इस समझौते में सैनिकों की तेजी से वापसी, तनाव और बढ़ाने वाली कार्रवाई से बचना, सीमा प्रबंधन पर सभी प्रोटोकॉल और समझौतों का पालन और एलएसी पर शांति बहाली के लिये कदम उठाने जैसे उपाय शामिल हैं। इसमें यह भी कहा कि दोनों पक्षों को सीमा पर शांति बढ़ाने के लिये “विश्वास बहाली के नए उपायों” को पूरा करने के लिये तेजी से काम करना चाहिए। इस समझौते में हालांकि सैनिकों की वापसी के लिये किसी समयसीमा का उल्लेख नहीं है। 

इसे भी पढ़ें: भारत-चीन तनाव के बीच संसदीय समिति के समक्ष पेश हुए प्रमुख रक्षा अध्यक्ष बिपिन रावत 

इस बीच चीनी राजदूत सुन विदोंग ने दोनों देशों के नेताओं के बीच पूर्व में हुई बातचीत के दौरान बनी सहमति का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों पक्षों को “बराबर जीत का प्रयास” करना चाहिए न कि “एक का लाभ और एक की हानि” वाली स्थिति का। चीनी दूतावास ने सुन को उद्धृत करते हुए कहा, “मुझे उम्मीद और विश्वास है कि जब तक दोनों पक्ष अग्रिम मोर्चे के जवानों के लिये दोनों विदेश मंत्रियों के बीच बनी सहमति का पालन करेंगे और बातचीत व समझौतों के सही मायनों का पालन करेंगे तो दोनों पक्ष इस मुश्किल स्थिति से पार पाने का रास्ता खोज लेंगे।” वह जयशंकर-वांग के बीच हुई वार्ता पर टिप्पणी कर रहे थे।

प्रमुख खबरें

Mumbai में बिना अनुमति प्रदर्शन पर Tushar Gandhi और Imran Khan समेत 400 हिरासत में

Delhi में CEC के खिलाफ प्रदर्शन से पहले Abhijeet Dipke और कई नेता हिरासत में

Kochi में स्पा में नौकरी के बहाने सामूहिक दुष्कर्म, मंत्री Bindu Krishna ने पीड़िता को दिया न्याय का भरोसा

CEC के खिलाफ प्रदर्शन में अरविंद केजरीवाल और ममता बनर्जी समेत कई विपक्षी नेता हिरासत में लिए गए