Hijab Row । विवाद के बीच ओवैसी बोले, एक दिन हिजाब पहने कोई बच्ची बनेगी देश की प्रधानमंत्री
By अंकित सिंह | Feb 14, 2022
कर्नाटक से शुरू हुए हिजाब विवाद को लेकर देश में राजनीतिक गर्म है। चुनावी राज्यों में विपक्ष लगातार इस मुद्दे को उठाकर भाजपा को घेरने की कोशिश कर रहा है। इसी कड़ी में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने एक बड़ा बयान दिया है। ओवैसी ने कहा है कि एक दिन ऐसा आएगा जब हिजाब पहने कोई बच्ची देश की प्रधानमंत्री बनेगी। ओवैसी द्वारा ट्वीट किया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह कह रहे हैं एक बच्ची अगर यह फैसला करती है कि मैं हिजाब पहनूंगी तो अब्बा-अम्मी भी बोलेंगे, बेटा पहन तुझे कौन रोकता है। देखेंगे इंशा अल्लाह। ओवैसी ने कहा कि हिजाब पहनेंगे, कॉलेज जाएंगे, डॉक्टर भी बनेंगे, कलेक्टर भी बनेंगे, एसडीएम भी बनेंगे, बिजनेसमैन भी बनेंगे और एक दिन याद रखना... शायद मैं जिंदा नहीं रहूंगा। एक दिन देखना एक बच्ची हिजाब पहनकर प्रधानमंत्री बनेगी। ओवैसी का यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब देश के शिक्षण संस्थानों में हिजाब पहनने को लेकर विवाद जारी है। ओवैसी के इस बयान पर भाजपा की ओर से पलटवार भी किया गया है। भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि ओवैसी का मुगालता मुगालता ही रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ओवैसी कट्टरपंथी सोच की वजह से मुस्लिम महिलाओं को परदे में रखना चाहते हैं। अब मुस्लिम लड़कियां समझदार हो चुकी हैं, आगे बढ़ रही हैं। भाजपा मुस्लिम महिलाओं को सम्मान दे रही है और ओवैसी की बातों में आवे नहीं आने वाली है।