CAA नियमों को अधिसूचित किये जाने पर जोधपुर में पाक हिंदू शरणार्थियों ने जश्न मनाया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 12, 2024

जोधपुर। नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) संसद से पारित होने के चार साल से अधिक समय बाद अधिसूचित किये जाने से उत्साहित यहां रह रहे पाकिस्तान से आए एक हिंदू शरणार्थी ने कहा कि उनके लिए यह वास्तविक राम राज्य की तरह है। इकत्तीस दिसंबर, 2014 से पहले बिना दस्तावेज के भारत आए पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के गैर-मुस्लिम प्रवासियों के लिए त्वरित नागरिकता प्रदान करने से संबंधित कानून के अधिसूचित किये जाने के उपरांत पाकिस्तान से आए हिंदू प्रवासियों की बस्तियों में सोमवार रात को दीपक जलाकर और पटाखे फोड़कर जश्न मनाया गया। पाकिस्तानी शरणार्थी दिनेश भील ने कहा, हम लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे। 

लोकसभा चुनाव की घोषणा से कुछ दिन पहले सीएए नियमों को अधिसूचित किये जाने के बाद अब मोदी सरकार तीन देशों से प्रताड़ित गैर-मुस्लिम प्रवासियों- हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाई- को भारतीय राष्ट्रीयता प्रदान करना शुरू कर देगी। गजट अधिसूचना के अनुसार, संबंधित नियम तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। भारत में पाकिस्तानी प्रवासियों की वकालत करने वाले सीमांत लोक संगठन के अनुसार, जोधपुर में लगभग 35,000 प्रवासी नागरिकता की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसने दावा किया है कि पिछले 10 वर्षों में पाकिस्तान से आने वाले ऐसे हिंदू प्रवासियों की संख्या बढ़ी है। 

सीमांत लोक संगठन के अध्यक्ष हिंदू सिंह सोढ़ा ने सीएए के कार्यान्वयन और प्रवास अवधि को 10-12 साल से घटाकर छह साल किये जाने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा, ‘‘लेकिन सीएए केवल उन प्रवासियों के बारे में बात करता है जो 31 दिसंबर 2014 से पहले भारत आए थे। और जो लोग बाद में आए हैं, वे पुराने कानून के अनुसार नागरिकता के पात्र होंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह स्थिति इस तिथि के बाद पिछले 10 वर्षों में भारत आए लगभग 20,000 लोगों के लिए अन्याय है।’’ राजस्थान के पश्चिमी जिलों, जैसे बाड़मेर, बीकानेर और जोधपुर में बड़ी संख्या में पाकिस्तान से आए हिंदू प्रवासी रहते हैं।

प्रमुख खबरें

Supreme Court ने नाबालिग होने पर रद्द की 20 साल पुरानी Conviction

Delhi Voter List में नाम जुड़वाने के लिए 2.18 लाख से अधिक Form-6 जमा हुए

Muzaffarnagar में मेले के विवाद पर BNS धारा 105 के तहत 5 गिरफ्तार, नहर से शव बरामद

Sahibganj में CBI अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने व्यक्ति को Digital Arrest कर ऐंठे 1.20 करोड़ रुपये