By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 19, 2026
(सज्जाद हुसैन) इस्लामाबाद, 19 अक्टूबर पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा अभियान के दौरान हुए विस्फोट में पाकिस्तानी सेना के एक अधिकारी की मौत हो गई। विस्फोट के लिए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का इस्तेमाल किया गया था। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अभियान का नेतृत्व करते समय आईईडी से किए गए हमले में 34 वर्षीय मेजर वजाहत वहीद की मौत हो गई। सेना ने कहा, “इलाके में अन्य आतंकवादियों को खत्म करने के लिए तलाशी अभियान जारी रहेंगे।” सेना ने कहा कि सुरक्षा बल और कानून प्रवर्तन एजेंसियां देश से विदेशी प्रायोजित और समर्थित आतंकवाद के खतरे को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने चार आतंकवादियों को मार गिराने के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की और सेना के अधिकारी की मौत पर दुख जताया।
प्रधानमंत्री ने कहा, “मेजर वजाहत वहीद ने अपनी प्यारी मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। राष्ट्र को उन पर गर्व है।” उन्होंने मारे गए अधिकारी के परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना भी व्यक्त की। बलूचिस्तान में हाल के वर्षों में उग्रवादी गतिविधियों में वृद्धि हुई है।
सुरक्षा बल अशांति को दबाने के लिए सक्रिय हैं। एक दिन पहले, सुरक्षा बलों ने क्वेटा, नुश्की और खुजदार जिलों में चलाए गए अभियानों के दौरान आठ उग्रवादियों को मार गिराया था।