By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 20, 2024
अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ के एक शीर्ष अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि पाकिस्तान अत्याधुनिक मिसाइल तकनीक विकसित कर रहा है जिससे वह अमेरिका सहित दक्षिण एशिया के पार हमला करने में सक्षम हो जाएगा और एक प्रकार से यह बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम अमेरिका के लिए खतरा है।
प्रधान उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन फाइनर ने यहां कहा, ‘‘ जो बाइडन प्रशासन ने लंबी दूरी की मिसाइल प्रणालियां विकसित करने से रोक लगाने की दिशा में कई कदम उठाए हैं।
पिछले साल के दौरान, हमने पाकिस्तान के बैलिस्टिक-मिसाइल कार्यक्रम को समर्थन देने वाली गैर-पाकिस्तानी कंपनियों के खिलाफ प्रतिबंध लगाए थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘और कल हमने पाकिस्तान की सरकारी कंपनी ‘नेशनल डेवलपमेंट कॉम्प्लेक्स’ के खिलाफ प्रतिबंध जारी किए, जिसके बारे में अमेरिका का मानना है कि यह पाकिस्तान की लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल को विकसित करने और उसे तैयार करने में संलिप्त है। यह पहली बार है जब हमने पाकिस्तान के किसी सरकारी उद्यम पर प्रतिबंध लगाया है।’’
अमेरिकी ‘थिंक-टैंक’ ‘कार्नेगी एंडॉमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस’ में फाइनर ने कहा, ‘‘स्पष्ट कहें तो हम पाकिस्तान पर उसके लंबी दूरी के मिसाइल कार्यक्रम को लेकर दबाव बनाए रखेंगे, साथ ही हम अपनी चिंताओं को दूर करने के लिए कूटनीतिक समाधान की तलाश भी जारी रखेंगे।