By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 18, 2026
(सज्जाद हुसैन) इस्लामाबाद, 18 अक्टूबर पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार और उनके ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची ने “बदलते क्षेत्रीय हालात” और बगदाद में इस्लामी सहयोग संगठन (ओआईसी) के विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक पर रविवार को चर्चा की। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, डार ने टेलीफोन पर हुई बातचीत में अराघची से आग्रह किया कि वह क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान कूटनीति के जरिये करें। दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत सऊदी अरब में हवाई अड्डों और तेल प्रतिष्ठानों सहित अहम बुनियादी ढांचों पर ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हमलों के बीच हुई।
पाकिस्तान ओआईसी के संस्थापक सदस्यों में शामिल है। बयान के मुताबिक, डार और अराघची ने आपस में करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई। ईरान ने इस हफ्ते सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच बातचीत में मदद करने की पेशकश की।
सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये ने मक्का में एक शिखर सम्मेलन के बाद सात अगस्त को ‘मक्का संयुक्त रक्षा समझौते’ पर हस्ताक्षर किए। इस त्रिपक्षीय रक्षा समझौते के तहत तीनों देशों में से किसी एक पर भी हमला होने पर उसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा।