ईशनिंदा पर Punjab Assembly सख्त: 298-A में उम्रकैद से भी कठोर कानून की मांग

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

पाकिस्तान की पंजाब विधानसभा ने इस्लाम की सम्मानित हस्तियों के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी से जुड़े अपराधों के लिए और कड़ी सजा का प्रावधान करने की मांग की है। प्रांतीय विधानसभा ने इस सप्ताह सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 298-ए के तहत निर्धारित सजा बढ़ाने के लिए कानून बनाने की मांग की। प्रस्ताव में कहा गया कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले अपराध के लिए मौजूदा सजा पर्याप्त नहीं है।

फिलहाल धारा 298-ए के तहत कम से कम 10 साल की कैद का प्रावधान है, जिसे बढ़ाकर आजीवन कारावास तक किया जा सकता है। विपक्षी दल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के विधायक राणा औरंगजेब ने यह प्रस्ताव पेश किया। इसमें कहा गया कि मौजूदा सजा पर्याप्त नहीं है।

साथ ही संघीय सरकार से इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर उठाने और सजा बढ़ाने के लिए कानून लाने का आग्रह किया गया। सदन ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली संघीय सरकार से धार्मिक पवित्रता की रक्षा तथा सामाजिक शांति और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कानून बनाने और उसे लागू करने का आग्रह किया। अगस्त 2023 में संसद ने आपराधिक कानून (संशोधन) विधेयक, 2023 पारित किया था।

इसमें धारा 298-ए के तहत सजा को तीन साल की कैद से बढ़ाकर कम से कम 10 साल करने का प्रस्ताव था। हालांकि, तत्कालीन राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने इस विधेयक पर हस्ताक्षर किए बिना इसे संसद को लौटा दिया था। पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग (एचआरसीपी) ने प्रस्तावित संशोधन पर गंभीर चिंता जताई है।

आयोग ने चेतावनी दी है कि इससे आरोपियों के लिए वैधानिक जमानत हासिल करना और मुश्किल हो जाएगा। ऐसे में जमानत कानूनी अधिकार के बजाय अदालतों के विवेक पर निर्भर हो जाएगी। मानवाधिकार संगठन ने यह भी कहा है कि ईशनिंदा के मामले अक्सर कट्टरपंथी धार्मिक मौलवियों के दबाव में या निजी दुश्मनी निकालने के लिए शिकायतकर्ताओं द्वारा दर्ज कराए जाते हैं।

आयोग के अनुसार, ईशनिंदा के आरोपों के बाद भीड़ की हिंसा की आशंका को टालने के लिए पुलिस कभी-कभी कार्रवाई करती है।

प्रमुख खबरें

गुजरात में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम! वडोदरा से जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, AK-47 और कारतूस बरामद

1,020 करोड़ रुपये के निविदा घोटाले में पूर्व मंत्री KN Nehru के करीबी कवि प्रसाद को DVAC ने दबोचा

कांग्रेस के धोखे का स्टालिन लेंगे तगड़ा बदला? परिसीमन बिल पर DMK कर सकती है मोदी सरकार का समर्थन

Numerology Predictions: मूलांक 6 और 8 के जातकों की सेहत में होगा सुधार और अधूरे काम पूरे करने का मौका मिलेगा