Article 370 मुद्दे पर Gupkar गठबंधन को मिला Pakistan का साथ, भड़के पाक ने Kashmir की तुलना Gaza से कर नया शिगूफा छोड़ा

By नीरज कुमार दुबे | Dec 12, 2023

उच्चतम न्यायालय ने पूर्ववर्ती राज्य जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को रद्द करने के केंद्र सरकार के अगस्त 2019 के फैसले को बरकरार रखा तो इसकी पूरे देश ने सराहना की। विभिन्न राज्यों में रह रहे कश्मीरी पंडित इस निर्णय पर झूम के नाचे तो श्रीनगर की सड़कों पर भी लोगों ने खुशी खुशी अदालत के फैसले को सराहा लेकिन कश्मीर के भविष्य को दशकों तक अंधेरे में रखने वाले गुपकार नेताओं और पाकिस्तान को इस निर्णय से मिर्ची लग गयी है। अदालत में मोदी सरकार की जीत पर गुपकार ने कहा है कि हम निराश हैं मगर हताश नहीं हैं। दूसरी ओर पाकिस्तान की सरकार जिससे अपना घर संभाले नहीं संभल रहा है वह कश्मीर राग फिर अलाप रही है। भारत के उच्चतम न्यायालय के फैसले पर टिप्पणी करते हुए पाकिस्तान ने कहा है कि अनुच्छेद 370 पर भारत के उच्चतम न्यायालय के फैसले का ‘‘कोई कानूनी महत्व नहीं’’ है।


पाकिस्तान ने फिर रागा कश्मीर अलाप 


भारतीय सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद आनन फानन में बुलाये गये संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पाकिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री जलील अब्बास जिलानी ने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय कानून 5 अगस्त 2019 को भारत द्वारा की गई एकतरफा और अवैध कार्रवाइयों को मान्यता नहीं देता है।'' उन्होंने कहा कि भारत के उच्चतम न्यायालय द्वारा न्यायिक अनुमोदन का कोई कानूनी महत्व नहीं है। कश्मीरियों को संयुक्त राष्ट्र के प्रासंगिक प्रस्तावों के अनुसार आत्मनिर्णय का अधिकार है। जिलानी ने इस्लामाबाद में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को कश्मीरी लोगों और पाकिस्तान की इच्छा के खिलाफ ‘‘इस विवादित क्षेत्र की स्थिति पर एकतरफा निर्णय लेने का कोई अधिकार नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर के दर्जे पर भारत के उच्चतम न्यायालय द्वारा दिये गये फैसले को स्पष्ट रूप से खारिज करता है।’’ जिलानी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को लेकर विवाद सात दशकों से अधिक समय से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के एजेंडे में बना हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर विवाद का अंतिम निपटारा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रासंगिक प्रस्तावों और कश्मीरी लोगों की आकांक्षाओं के अनुसार किया जाना है।’’

इसे भी पढ़ें: Prajatantra: I.N.D.I.A. के लिए चुनौती पैदा कर सकता है 370 पर SC का फैसला, Congress को इस बात का डर

जिलानी ने कहा, ‘‘पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर पर भारतीय संविधान की सर्वोच्चता को स्वीकार नहीं करता है। भारतीय संविधान के अधीन किसी भी प्रक्रिया का कोई कानूनी महत्व नहीं है। भारत अपने देश के कानूनों और न्यायिक फैसलों की आड़ में अपने अंतरराष्ट्रीय दायित्वों से पीछे नहीं हट सकता।’’ जिलानी ने आरोप लगाया कि 5 अगस्त 2019 से भारत के ‘‘एकतरफा और अवैध कदमों’’ का उद्देश्य कश्मीर की जनसांख्यिकीय संरचना और राजनीतिक परिदृश्य को बदलना है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस फैसले के बाद नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर शांति कायम रखना चाहेगा। जब उनसे कश्मीर में आतंकवाद बढ़ने के खतरे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने दावा किया कि कश्मीरियों ने कभी भी भारतीय शासन को स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘आखिरकार उनकी प्रतिक्रिया गाजा के लोगों की तरह ही होगी।’’ जिलानी ने कहा कि भारत के साथ बातचीत नहीं करने के मुद्दे पर कोई बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत के साथ कोई बातचीत नहीं चल रही है और ऐसी कोई बात मेरी नजरों से छिपी नहीं है।’’ 


इसके अलावा, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के अध्यक्ष शहबाज शरीफ ने भारत की शीर्ष अदालत के फैसले की आलोचना करते हुए इसे ‘‘पक्षपातपूर्ण निर्णय’’ बताया। अप्रैल 2022 से अगस्त 2023 तक प्रधानमंत्री रहे शहबाज ने कहा, ‘‘भारत की शीर्ष अदालत ने संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के खिलाफ फैसला देकर अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन किया है। उच्चतम न्यायालय ने लाखों कश्मीरियों के बलिदान को धोखा दिया है।’’ उन्होंने कहा कि इस ‘‘पक्षपाती फैसले’’ से कश्मीर का ‘‘आजादी आंदोलन’’ और मजबूत हो जाएगा। उन्होंने कहा कि नवाज शरीफ के नेतृत्व में पीएमएल-एन हर स्तर पर कश्मीरियों के हक की आवाज उठाएगी। उधर, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा कि एक बार फिर यह साबित हो गया है कि भारत अंतरराष्ट्रीय कानूनों और संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों का पालन नहीं करता है।


भारत का पक्ष


दूसरी ओर, भारत की बात करें तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश को आश्वस्त किया है कि आतंकवाद से मुक्त ‘नए और विकसित कश्मीर’ के निर्माण की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हुई है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उचित समय पर जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा। राज्यसभा में उन्होंने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के उच्चतम न्यायालय के सोमवार के फैसले को ‘ऐतिहासिक’ बताया और कहा कि अब केवल ‘एक संविधान, एक राष्ट्रीय ध्वज और एक प्रधानमंत्री’ होगा। शाह ने यह भी कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) भारत का अभिन्न अंग है और कोई भी इसे छीन नहीं सकता। उन्होंने कहा कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर विधानसभा में पीओके के लोगों के लिए 24 सीटों का आरक्षण सुनिश्चित किया है।


हम आपको यह भी बता दें कि कश्मीर मुद्दे और पाकिस्तान से होने वाले सीमा पार आतंकवाद को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध अक्सर तनावपूर्ण रहे हैं। भारत द्वारा अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बाद दोनों देशों के संबंधों में और गिरावट आई, जब पाकिस्तान ने भारतीय राजदूत को निष्कासित कर दिया और व्यापारिक संबंधों का दर्जा घटा दिया। भारत ने बार-बार कहा है कि कश्मीर उसका आंतरिक मामला है, और यह भी कहा है कि वह पाकिस्तान के साथ आतंक, हिंसा और शत्रुता से मुक्त वातावरण में सामान्य, मैत्रीपूर्ण संबंध चाहता है।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

Assam Elections में बदलेगा Voter Experience, EVM पर रंगीन फोटो, CEC Gyanesh Kumar का बड़ा ऐलान

Punjab Premier League में Shubman Gill और Abhishek Sharma मचाएंगे धूम, PPL 2026 का हुआ ऐलान

MP Budget पर सियासी घमासान: CM Mohan Yadav ने गिनाईं उपलब्धियां, कांग्रेस ने बताया खोखला दस्तावेज

मंगोलपुरी Murder Case: धीमे Trial पर कोर्ट का बड़ा सवाल, साढ़े 4 साल बाद आरोपी को मिली Bail