Pakistan में 15 लाख इंटरनेट उपयोगकर्ता बच्चे हुए ऑनलाइन यौन शोषण के शिकार, रिपोर्ट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 14, 2026

पाकिस्तान में इंटरनेट का इस्तेमाल करने वाले करीब 15 लाख बच्चों को एक साल के दौरान तकनीक के जरिए यौन शोषण या उत्पीड़न के कम से कम एक रूप का सामना करना पड़ा। एक नए अध्ययन से यह जानकारी प्राप्त हुई। ‘डॉन’ अखबार की खबर के अनुसार, यूनिसेफ, एकपैट इंटरनेशनल और इंटरपोल द्वारा सितंबर में संयुक्त रूप से प्रकाशित अध्ययन इस धारणा को चुनौती देता है कि ऑनलाइन शोषण मुख्य रूप से अजनबियों द्वारा किया जाता है।

डर, सामाजिक कलंक और घर में संभावित प्रतिकूल परिणामों के कारण अक्सर बच्चे मदद मांगने से बचते हैं। पीड़ित बच्चों को डर हो सकता है कि उनके परिवार उन्हें दोषी ठहराएंगे, अपमानित करेंगे या उन पर पाबंदियां लगा देंगे। सामाजिक अपेक्षाओं के कारण लड़कों के मामलों को भी नजरअंदाज किए जाने का खतरा है, क्योंकि मर्दानगी को लेकर बनी धारणाओं और यौन शोषण पर बात करने में झिझक के चलते उनके अनुभव सामने नहीं आ पाते।

यूनिसेफ के अनुसार, तकनीक के जरिए यौन शोषण या उत्पीड़न का सामना करने वाले आधे से अधिक बच्चों ने इस बारे में किसी को नहीं बताया। सर्वेक्षण में शामिल किसी भी बच्चे ने हेल्पलाइन, सामाजिक कार्यकर्ताओं या पुलिस जैसे आधिकारिक माध्यमों से अपने अनुभव की शिकायत नहीं की। ये निष्कर्ष सुरक्षित, गोपनीय और आसानी से उपलब्ध शिकायत व्यवस्था की जरूरत को रेखांकित करते हैं।

साथ ही, ऐसी सहायता व्यवस्था भी जरूरी है, जिससे बच्चे दोषी ठहराए जाने या सजा मिलने के डर के बिना मदद मांग सकें। ऑनलाइन शोषण बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी एक व्यापक चुनौती का हिस्सा है, जिस पर गरीबी, विस्थापन और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच बाधित होने का भी असर पड़ता है। ‘डॉन’ की खबर के अनुसार, इस बीच, बच्चों के खिलाफ हिंसा पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव की विशेष प्रतिनिधि नजात माला म’जिद ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपनी अंतिम रिपोर्ट पेश करते हुए सरकारों से कई तरह के और एक-दूसरे से जुड़े संकटों का सामना कर रहे बच्चों की सुरक्षा मजबूत करने का आग्रह किया।

उन्होंने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, “लगभग 4.5 करोड़ बच्चे संघर्षों के कारण विस्थापित हैं। इसके अलावा, प्राकृतिक आपदाओं और जलवायु संकट के कारण भी उन्हें विस्थापन का सामना करना पड़ रहा है।” तकनीक में तेजी से हो रही प्रगति बच्चों के सीखने और संवाद करने के नए अवसर पैदा करने के साथ-साथ उनके लिए नए जोखिम भी पैदा कर रही है। म’जिद ने चेतावनी दी कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) ने “बच्चों के यौन शोषण के बड़े अवसर” खोल दिए हैं।

इसके अलावा, साइबर बुलिंग, डीपफेक और “बच्चों को आपराधिक गतिविधियों में शामिल करने” जैसे खतरे भी बढ़े हैं। उनकी रिपोर्ट की प्रस्तुति बच्चों के खिलाफ हिंसा पर संयुक्त राष्ट्र के पहले वैश्विक अध्ययन के 20 साल पूरे होने के अवसर पर हुई।

प्रमुख खबरें

Mansa में नशा विरोधी कार्यकर्ता Parvinder Singh Jhota हत्याकांड के आरोपी का अवैध निर्माण ढहाया

CJP कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर Mamata Banerjee बोलीं, यह पूरी पीढ़ी को डराना है

SIR पर Jairam Ramesh का Amit Shah से सवाल, क्या 14 करोड़ भारतीय नागरिक घुसपैठिए हैं

ईरान जैसा अंडरग्राउंड चक्रव्यूह, जिसके आगे बंकर-बस्टर भी फेल, भारत के इस फैसले ने मचाया चीन पाकिस्तान में तांडव,देखती रह गई दुनिया