Palaniswami ने द्रमुक के विधानसभा चुनाव में 200 सीट जीतने के दावे को दिवास्वप्न बताया

By Prabhasakshi News Desk | Dec 15, 2024

चेन्नई । अन्नाद्रमुक प्रमुख ई. के. पलानीस्वामी ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेताओं के उस दावे को एक दिवास्वप्न करार दिया जिसमें कहा गया है कि उनका गठबंधन 2026 के विधानसभा चुनाव में 200 सीट पर जीत हासिल करेगा। यहां पार्टी की सामान्य परिषद और कार्यकारी समिति की बैठक को संबोधित करते हुए पलानीस्वामी ने द्रमुक शासन में चौतरफा भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि उसे सरकारी कर्मचारियों और परिवहन कर्मचारियों सहित विभिन्न वर्गों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है।

द्रमुक शासन पर ‘अक्षम’ होने का आरोप लगाते हुए पलानीस्वामी ने विल्लुपुरम, कुड्डालोर और अन्य क्षेत्रों में बारिश और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए मौसम विभाग के अधिकारियों के ‘रेड अलर्ट’ पर कार्रवाई नहीं करने के लिए भी मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पर ‘कुंभकर्ण की नींद’ सोने का आरोप लगाया। सत्तारूढ़ पार्टी के नेता और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन और पार्टी सांसद कनिमोझी ने इसके पहले टिप्पणी की थी कि ‘‘हम अहंकार के साथ कह रहे हैं’ कि द्रमुक नीत गठबंधन 2026 के विधानसभा चुनाव में 234 सीट में से 200 सीट पर जीत दर्ज करेगा।

पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘कनिमोझी कहती हैं कि वह अहंकार के साथ कह रही हैं कि उनकी पार्टी 200 सीट जीतेगी, लेकिन यह एक सपना है जो कभी हकीकत नहीं बन सकता।’’ उन्होंने कहा कि द्रमुक का 200 सीट जीतने का नारा सिर्फ एक दिवास्वप्न है, जिसे कभी साकार नहीं किया जा सकता। ’’ अन्नाद्रमुक महासचिव ने दावा किया कि केवल उनकी पार्टी के नेतृत्व वाला गठबंधन 200 सीट जीतेगा और उन्होंने कहा कि वह चुनाव से पहले सभी 234 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करने के लिए जनवरी 2025 में राज्यव्यापी दौरा शुरू करेंगे। हाल ही में तमिझागा वेत्री कषगम के प्रमुख और अभिनेता विजय ने 200 सीट जीतने का दावा करने वाले द्रमुक पर अहंकारी होने का आरोप लगाया था।

प्रमुख खबरें

Rahul Gandhi पर Devendra Fadnavis का तीखा हमला, लगाया विदेशी साजिश का आरोप

UP Government ने कर्मचारियों को दिया दिवाली तोहफा, 30 दिन के बोनस का ऐलान

PM Modi का 21 नवंबर को Vaishali दौरा, औद्योगिक गलियारा परियोजनाओं की देंगे सौगात

Foreign Secretary Vikram Misri ने काठमांडू में नेपाल के नेता Ravi Lamichhane से की द्विपक्षीय बातचीत