By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026
अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने शनिवार को आरोप लगाया कि उच्चतम न्यायालय द्वारा राज्य के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाए जाने और तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा सीआरपीएफ को सौंपे जाने के आदेश के क्रम में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार ने तमिलनाडु को शर्मसार किया है। पलानीस्वामी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी बयान में कहा कि उन्होंने पहले ही एक संवाददाता सम्मेलन को दौरान राज्य सरकार को तिरुप्परनकुंद्रम मामले में उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश को लागू करने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के इतिहास में यह अभूतपूर्व घटनाक्रम है।
उच्चतम न्यायालय ने न केवल राज्य के अधिकारियों को फटकार लगाई बल्कि तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की सुरक्षा सीआरपीएफ को सौंप दी। इसके अलावा, मंदिर के न्यासी मंडल को भंग कर दिया और मंदिर के प्रशासन की निगरानी के लिए उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीशों को नियुक्त किया। अदालत की टिप्पणियों की गंभीरता को रेखांकित करते हुए, पलानीस्वामी ने पीठ की टिप्पणियों के विशिष्ट वाक्यांशों का हवाला दिया, जिनमें ‘‘प्रशासनिक अराजकता, बेशर्मी और जानबूझकर की गई अवज्ञा, घोर उपेक्षा, दोनों संवैधानिक न्यायालयों का सोचा-समझा अपमान’’ शामिल हैं।
इसके साथ ही उन्होंने अदालत की इस चेतावनी का भी उल्लेख किया कि ‘‘मौजूदा स्थिति से सख्ती से निपटने की आवश्यकता है, अन्यथा इससे संवैधानिक अराजकता पैदा हो सकती है।’’ पलानीस्वामी ने दावा किया कि हाल के समय में ऐसा कोई उदाहरण नहीं है, जब उच्चतम न्यायालय ने किसी राज्य सरकार के खिलाफ इतनी कड़ी भाषा का इस्तेमाल किया हो। उन्होंने सवाल किया कि क्या तमिलनाडु ऐसी शर्मिंदगी का हकदार है? इसी के साथ पलानीस्वामी ने राज्य के विधि विभाग पर कथित तौर पर ‘‘अमिट कलंक’’ लगाने के लिए टीवीके सरकार की निंदा की।
अन्नाद्रमुक नेता ने टीवीके संस्थापक विजय को सीधे संबोधित करते हुए कहा कि कानून, संविधान और उच्चतम न्यायालय गरिमामय संस्थाएं हैं और ये ‘‘पवनचक्की तथा खिलौना कार’’ की तरह नहीं हैं, जिनसे ‘‘बचकाने अंदाज’’ में खेला जाए। पलानीस्वामी ने टीवीके सरकार से आग्रह किया कि वह कम से कम अब वरिष्ठ अधिवक्ताओं से परामर्श करे और उच्चतम न्यायालय के फैसले का पालन करने के लिए उपयुक्त समाधान निकाले।