पंड्या-राहुल विवाद: कोहली बोले- भारतीय टीम की ऐसी टिप्पणी का नहीं करती समर्थन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 11, 2019

सिडनी। कप्तान विराट कोहली ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय टीम हार्दिक पंड्या और लोकेश राहुल की टीवी शो के दौरान महिलाओं पर ‘अनुचित’ टिप्पणी का समर्थन नहीं करती लेकिन उन्होंने साथ ही जोर दिया कि इस विवाद से ड्रेसिंग रूम का मनोबल प्रभावित नहीं होगा। कोहली ने कहा कि आस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए पंड्या और राहुल की उपलब्धता इस पर निर्भर करेगी कि बीसीसीआई शुक्रवार को उनके खिलाफ कोई कार्रवाई करता है या नहीं। कोहली ने एकदिवसीय श्रृंखला के शनिवार को यहां होने वाले पहले मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘भारतीय क्रिकेट टीम के नजरिये से उस समय जो भी अनुचित टिप्पणी की गई उसका निश्चित तौर पर हम समर्थन नहीं करते। निश्चित तौर पर भारतीय क्रिकेट टीम के रूप में हम इस तरह के नजरिये का समर्थन नहीं करते और यह बता दिया गया है (दोनों खिलाड़ियों को)।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आपको बैठकर इंतजार करना होता है कि क्या होने वाला है। संयोजन और टीम संतुलन के नजरिये से, हां जब इस तरह की कुछ चीज होती है तो आपको सोचना होता है कि अब आपको किस संयोजन के साथ उतरने की जरूरत है।’’ प्रशासकों की समिति के प्रमुख विनोद दाय ने गुरुवार को पंड्या और राहुल पर दो एकदिवसीय मैचों का प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की। लेकिन सीओए की उनकी साथी सदस्य डायना एडुल्जी ने इस मामले को बीसीसीआई के विधि विभाग के पास भेज दिया।।कोहली ने कहा कि हाल में संपन्न टेस्ट श्रृंखला में अभूतपूर्व सफलता के बाद टीम का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है।

यह भी पढ़ें: हार्दिक पंड्या और KL राहुल को BCCI का नोटिस, महिलाओं पर की थी टिप्पणी

उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की चीजों पर आपका कोई नियंत्रण नहीं होता इसलिए आपको हालात से सामंजस्य बैठाना होता है और इसका हल निकालना होता है। हम इसे इसी नजरिये से देख रहे हैं। बीसीसीआई का फैसला आने के बाद संयोजन पर विचार करने की जरूरत है और इसके बाद हम देखेंगे कि पूरी स्थिति पर क्या करने की जरूरत है। प्रत्येक व्यक्ति की तरह हम भी यह इंतजार कर रहे हैं कि फैसला क्या होगा।’’ कोहली ने कहा, ‘‘लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम के नजरिये से इसका ड्रेसिंग रूम में हमारे आत्मविश्वास पर कोई असर नहीं पड़ेगा।’’

प्रमुख खबरें

NIA कोर्ट ने PFI के 4 सदस्यों को शशिकुमार मर्डर केस में सुनाई उम्रकैद

AIIMS Nagpur: सुरक्षा के आश्वासन के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म

Odisha School Textbooks में मिलीं 1741 गलतियां, सरकार ने पूर्व निदेशक सहित चार को किया निलंबित

S Jaishankar ने नाविकों पर हमलों को बताया अस्वीकार्य, Liberia के साथ मिलकर बनाया मित्र समूह