By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 09, 2021
मुंबई। पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण का मानना है कि ऋषभ पंत टी20 प्रारूप में भारत के लिये मैच विजेता बन सकते हैं और आगामी टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए उन्हें अधिक मौके दिये जाने की जरूरत है। इस 23 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिये भारतीय टीम में चुना गया है। आस्ट्रेलियाई दौरे में उन्हें सीमित ओवरों की टीम में नहीं रखा गया था। पंत ने टेस्ट मैचों में शानदार फार्म दिखायी तथा भारत की आस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला में जीत में अहम भूमिका निभायी। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में चौथे टेस्ट मैच में शतकीय पारी खेली।
लक्ष्मण ने कहा, ‘‘लेकिन अगर भारतीय बल्लेबाजी क्रम में एक बल्लेबाज ऐसा है जो पहली गेंद से ही अपने शॉटस खेल सकता है तो वह पंड्या है। पंत ने टेस्ट मैचों में न सिर्फ फार्म दिखायी बल्कि जिस परिपक्वता के साथ बल्लेबाजी की मुझे लगता है कि वह मैच विजेता बनेगा। ’’ लक्ष्मण ने मुंबई के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव की भी प्रशंसा की जिन्हें पहली बार टी20 टीम में जगह दी गयी है। लक्ष्मण ने कहा, ‘‘वह इसका हकदार था। मेरा मानना है कि वह (सूर्यकुमार) विशेषकर भारत में युवाओं के लिये रोल मॉडल है। हम पक्के तौर पर नहीं कह सकते कि उसे अंतिम एकादश में जगह मिलेगी लेकिन वह निश्चित तौर पर इस टी20 भारतीय टीम में जगह का हकदार था।