संसद सुरक्षा चूक मामले के ‘मास्टरमाइंड’ ललित झा के माता-पिता ने कहा : हमारा बेटा ऐसा नहीं कर सकता

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 16, 2023

संसद की सुरक्षा में चूक की घटना के कईदिन बाद भी पूरे प्रकरण के कथित ‘मास्टरमाइंड’ ललित झा के माता-पिता हतप्रभ हैं। बिहार के दरभंगा जिला के अलीनगर प्रखंड अंतर्गत रामपुर उदय गांव निवासी ललित झा के पिता देवानंद झा अपने जर्जर पैतृक घर के बाहर लोगों के जमावड़े से असहज दिखे। वह कोलकाता में पुरोहित का काम कर अपनी जीविका चलाते हैं। देवानंद जो इन दिनों अपने पैतृक घर पर हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे अपने बेटे की गिरफ्तारी के बारे में अन्य लोगों के माध्यम से जानकारी मिली। आप सभी देख सकते हैं, हमारे पास एक टीवी भी नहीं है।’’ पूरे घटनाक्रम से सदमे दिखीं देवानंद की पत्नी मंजुला ने सिसकियों के बीच कहा, ‘‘मेरा बच्चा बदमाश नहीं है। वह गलत कामों में शामिल नहीं हो सकता। वह हमेशा लोगों की मदद करता रहा है।

ललित झा के माता-पिता 10 दिसंबर को दरभंगा के लिए ट्रेन में सवार हुए थे और वह कोलकाता में ही रुक गया था। उस पर पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस, के साथ घनिष्ठ संबंध होने का आरोप लगाया गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने आरोप का खंडन किया है। तृणमूल कांग्रेस विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है। ललित के माता-पिता को जब उनके बेटे के बारे में चल रही अटकलों के बारे में बताया गया है तो उन्होंने इसपर हैरानी जताई। उसके पिता ने कहा, ‘‘मेरा बेटा एक मेधावी छात्र था जिसने ट्यूशन पढ़ाकर मेरी आर्थिक मदद करना शुरू कर दिया था। हमें छठ के दौरान एक साथ दरभंगा आना था। हम हर साल ऐसा करते थे। इस बार, बहुत अधिक भीड़ के कारण, हमें टिकट नहीं मिला, इसलिए हमें अपनी वार्षिक यात्रा स्थगित करनी पड़ी।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘ललित हमें रेलवे स्टेशन तक छोड़ने आया था और बाद में यहां आने का वादा किया था। उसने कहा था कि वह किसी काम से दिल्ली जा रहा है। वह कभी भी राजनीति में नहीं आया। हालांकि, उसकी रुचि सामाजिक कार्यों में है और वह एक गैर सरकार संगठन (एनजीओ)से जुड़ा है।’’ ललित के माता-पिता रुआंसे हो गए जब उन्हें यह बताया गया कि उनके बेटे पर कड़े यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया है और अदालत से जमानत मिलने में लंबा समय लग सकता है। उन्होंने सिसकते हुए कहा, ‘‘हम अदालत से हमारे बेटे पर दया करने की गुहार लगाएंगे। जरूर कुछ गड़बड़ हुई है। वह किसी भी ऐसी गलत घटना का हिस्सा नहीं हो सकता।

प्रमुख खबरें

Hindustan Zinc में Stake Sale की तैयारी, ₹80,000 करोड़ का Disinvestment Target पूरा करेगी सरकार

Womens Asia Cup से पहले Pakistan को बड़ा झटका, Najiha Alvi चोटिल होकर बाहर, Sadaf Shamas की हुई एंट्री

England Cricket में बड़ा बवाल, Nightclub के बाहर हथकड़ी में दिखे Brydon Carse टेस्ट मैच से बाहर

हरियाणा में Godrej Group का मेगा प्लान, 20,000 करोड़ के Investment से खुलेंगे 40,000 Jobs के नए द्वार