पार्किंग से जुड़े सुझाव (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Jun 19, 2023

गाड़ी पार्क करना एक कला है। वह बात अलग है कि पार्किंग कई जगह झगड़ा, लड़ाई और पिटवाई करवा रही है। जिन जगहों पर पार्किंग है और चाहने वाले को मिल जाए तो वहां आनंद है लेकिन परेशानी वहां है जहां पार्किंग आम तौर पर उपलब्ध न हो और गाड़ी पार्क करनी हो। हमारे एक पार्किंग विशेषज्ञ मित्र ने कुछ सुझाव दिए हैं जो सभी के काम आ सकते हैं। इन सुझावों के साथ छोटी छोटी शर्तें यह हैं कि वक़्त आपके साथ हो, आपके नक्षत्र ठीक हों और व्यवस्था में जान पहचान हो। 

इसे भी पढ़ें: कुर्सी और मर्जी (व्यंग्य)

‘जहां जगह मिले पार्क कर दो’ फार्मूला जारी है इसलिए प्रशासन को हर कहीं पार्किंग फीस शुरू कर देनी चाहिए। नकद आमदनी, आम पब्लिक भी खुश। इस सन्दर्भ में सम्बंधित पार्षद को संजीदा, सक्रिय भूमिका करनी चाहिए ताकि उनकी वोटें सलामत रहें। पैदल चलने वालों का क्या है वो तो सदियों से रोते रहे हैं अब भी रोते रहेंगे। क्या फर्क पड़ता है। उनका जन्म गलत नक्षत्रों में हुआ है। प्रशासन को ठोस कदम उठाने की झूठी बातें करते रहना चाहिए लेकिन ठोस क्या हलके कदम भी नहीं उठाने चाहिए।

सरकारें कारों का निर्माण बंद नहीं करवा सकती न ही सार्वजनिक यातायात व्यवस्था विकसित कर सकती है। वाहनों पर कई तरह के शुल्क लगा और बढ़ा सकती है। वैसे अगर सार्वजनिक वाहनों में सफ़र करना सबके लिए आवश्यक हो जाए तो खूब सुधार हो सकता है, बहुत मज़ा आ सकता है। भेड़, बकरियां, घोड़े, गधे जैसे सामाजिक पशु, आदमी, इंसान और हैवान सब एक हो सकते हैं। समानता का लोकतंत्र बहुत ज्यादा मज़बूत हो सकता है। यह बात अलग है कि लोग अपने तरीके से लोकतंत्र मज़बूत कर रहे हैं। गैर चिन्हित स्थल, नो पार्किंग जोन, नो स्टॉपिंग जोन एवं कंट्रोल्ड पार्किंग में सहयोग न करके, कहीं भी किसी भी स्थल पर गाड़ी ले जाकर मनमानी गति से रेस लगाकर, दूसरों की गाड़ी में अपनी गाड़ी ठोककर, चालान करवाकर और शान से जुर्माना भर कर गर्व महसूस करते हैं। इसके लिए खूब सारी शाबासी के हक़दार हैं।  

  

कुछ भी हो यह हमारा लोकतान्त्रिक अधिकार नियमित होना चाहिए कि हम गाडी कहीं भी पार्क करें। वैसे समय आ गया है अब वही व्यक्ति पैदल चलने के लिए अधिकृत होना चाहिए जिसे पंजीकृत डॉक्टर लिख कर दे। एक नायाब टिप और, पार्किंग के पचड़े में, कहीं भी कुछ हो जाए तो आठ दस बार ‘सॉरी’ बोलने को तैयार रहें। 

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

Twisha Sharma Case: 13 दिन बाद आज अंतिम संस्कार, Delhi AIIMS की Postmortem रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज?

Eid Look 2026: कम बजट में पाएं परफेक्ट फेस्टिव लुक, ट्रेंड में हैं ये ज्वेलरी सेट्स

Norway Chess में Gukesh vs Carlsen की जंग, क्या किंग को मात देंगे विश्व चैंपियन?

Hero MotoCorp का बड़ा प्लान, CEO बोले- इस साल भी Double-Digit Growth की उम्मीद