Parliament Diary: देश में स्टार्टअप की संख्या बढ़कर 84,012 हुई, 2031 तक 20 नए परमाणु ऊर्जा संयंत्र हो जाएंगे आरंभ

By अंकित सिंह | Dec 14, 2022

संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है। हालांकि, आज भी चीन के साथ झड़प को लेकर संसद में हंगामा जारी रहा। विपक्ष ने आज भी सरकार से सवाल पूछे। लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष ने इस पर चर्चा की मांग भी की। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने साफ तौर पर कहा कि भारत और चीन के बीच अप्रैल 2020 में तनाव हुई थी, उस पर भी चर्चा नहीं हो पाई थी। इसके अलावा उन्होंने इस बार के झड़प पर चर्चा की मांग की। वहीं, विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्षी सदस्यों ने आज दोनों सदनों से वाकआउट किया। इसके अलावा बिहार में जहरीली शराब से मौत का मुद्दा भी संसद में उठा। वहीं, आम जनों के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बड़ी राहत की बात कही है। उन्होंने कहा है कि महंगाई को काबू करने की सरकार लगातार कोशिश कर रही है। 

 

इसे भी पढ़ें: Inflation Rate In India: आम लोगों को वित्त मंत्री ने दिया भरोसा, महंगाई को और कम करेगी सरकार


- संसद में कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के सदस्यों ने बुधवार को अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारत एवं चीन के सैनिकों के बीच पिछले दिनों हुई झड़प के मुद्दे को फिर उठाया और इस पर चर्चा कराने की मांग की। दोनों सदनों में इस मुद्दे पर चर्चा की अनुमति नहीं मिलने पर विभिन्न विपक्षी दलों के सदस्यों ने वॉकआउट किया। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने शून्यकाल में चीनी अतिक्रमण के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की।


- राज्यसभा में बुधवार को उस समय सदस्य अपनी हंसी नहीं रोक पाए जब जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि वह अर्जुन हैं तथा अर्जुन एवं एकलव्य का संवाद एक नए तरीके से प्रारंभ होगा। उन्होंने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के संदर्भ में यह बात कही।


- वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की विभिन्न उभरती अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में ‘‘ मजबूत है एवं दबाव झेलने में समर्थ है’’ तथा सरकार राजकोषीय घाटे, महंगाई एवं भारतीय मुद्रा की स्थिरता को लेकर प्रतिबद्धता से काम कर रही है। 


- केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के सर्वर पर हुए साइबर हमले की पृष्ठभूमि में बुधवार को कहा कि साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुआयामी स्तर पर काम चल रहा है और कई कदम भी उठाए गए हैं। 


- वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि देश में मान्यता प्राप्त स्टार्टअप की संख्या वर्ष 2016 की 452 से बढ़कर 2022 में 84,012 हो गई है तथा भारतीय स्टार्टअप का भविष्य उज्जवल है। लोकसभा में पूनमबेन मदाम और मनीष तिवारी के पूरक प्रश्नों के उत्तर में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने यह जानकारी दी। 


- केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को कहा कि तेलंगाना और पश्चिम बंगाल समेत नौ राज्यों ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को कुछ अपराधों के मामलों में जांच के लिए दी गयी आम स्वीकृति को वापस ले लिया है। कार्मिक राज्य मंत्री सिंह ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। 

 

इसे भी पढ़ें: भाजपा संसदीय दल की बैठक में गुजरात जीत के लिए मोदी का भव्य स्वागत


- महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने बुधवार को राज्यसभा को बताया कि गोद लिए गए 200 बच्चों को उनके अभिभावकों ने लौटा दिया है। मंत्री ने उच्च सदन में प्रश्नकाल के दौरान पूरक सवालों के जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभिभावकों ने गोद लिए गए 200 बच्चों को राज्य को वापस लौटा दिया है।


- सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को राज्यसभा में कहा कि विभिन्न राजमार्गों पर वाहनों की नयी गति सीमा के संबंध में जल्दी ही फैसला किया जाएगा। गडकरी ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। 


- राज्यसभा ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के गोंड समुदाय को अनुसूचित जाति से निकाल कर अनुसूचित जनजाति सूची में डालने के प्रावधान वाले विधेयक को ध्वनिमत से पारित कर दिया। उच्च सदन ने संविधान (अनुसूचित जातियां और अनुसूचित जनजातियां) आदेश (दूसरा संशोधन) विधेयक, 2022 को चर्चा के बाद ध्वनिमत से पारित कर दिया। 


- केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि वर्ष 2031 तक देश में 20 नए परमाणु ऊर्जा संयंत्र आरंभ हो जाएंगे जिनसे करीब 15,000 मेगावट की अतिरिक्त बिजली का उत्पादन हो सकेगा। उन्होंने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

ट्रंप ने छेड़ा अब ईरान का वॉर शुरू, UAE-बहरीन-कुवैत के अमेरिकी बेस को दहलाया

Ranji Trophy Final: दिग्गज Karnataka को पछाड़ Jammu-Kashmir बना नया चैंपियन, रचा इतिहास

पंखे की सफाई का Viral जुगाड़! बिना स्टूल-सीढ़ी, इस Cleaning Hack से मिनटों में चमकेगा फैन

Lunck Box Ideas: बच्चों के Lunch Box की टेंशन खत्म! Oats से बनाएं ये 5 Healthy डिशेज, चट कर जाएंगे