By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 27, 2018
नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने सफाईकर्मियों को आईएएस अधिकारियों के बराबर वेतन दिए जाने की आज हिमायत की। उन्होंने कहा कि यदि सफाई के काम में लगे लोगों को सम्मान देना है, तो सरकार को इसके लिए कदम उठाना चाहिए। लोजपा की श्रमिक शाखा की एक बैठक में पासवान ने सफाईकर्मियों द्वारा सीवेज और नालियों की हाथ से सफाई को अपराध घोषित किए जाने की भी मांग की। दरअसल, कभी-कभी जहरीली गैस की वजह से उनकी मौत हो जाती है। केंद्रीय मंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सफाई पर जोर देकर और स्वच्छता अभियानों में भाग लेने के लिए वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों तक के हाथ में झाड़ू पकड़ाना सुनिश्चित कर ऐतिहासिक काम किया है। उन्होंने कहा कि लेकिन सफाईकर्मी दयनीय परिस्थितियों में रह रहे हैं।