By Ankit Jaiswal | Nov 27, 2026
अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के कई बड़े अधिकारी अब अपने निजी घरों के बजाय सैन्य ठिकानों पर बने सरकारी आवासों में रह रहे हैं। इसकी वजह देश के भीतर बढ़ती राजनीतिक हिंसा और विदेशी दुश्मनों से मिलने वाली धमकियों को बताया जा रहा है। खास तौर पर ईरान से जुड़े संभावित खतरों को देखते हुए अधिकारियों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन के करीब आधा दर्जन अधिकारी वॉशिंगटन डीसी में सैन्य आवासों में रह रहे हैं। ये मकान आमतौर पर सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और रक्षा विभाग के बड़े पदों पर तैनात लोगों के लिए रखे जाते हैं।
हाल ही में अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने भी अपना जॉर्जटाउन स्थित आलीशान घर छोड़कर वॉशिंगटन के एक सुरक्षित सैन्य ठिकाने में रहना शुरू किया है। वह ट्रंप प्रशासन के उन अधिकारियों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने सुरक्षा कारणों से सैन्य आवास चुना है। इनमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर भी शामिल हैं। इसके अलावा कई अन्य अधिकारी भी ऐसे आवासों में रह रहे हैं। इनमें से कुछ मकान 100 साल से भी ज्यादा पुराने हैं और सैन्य परिसरों के भीतर होने के कारण यहां आने-जाने पर सख्त निगरानी रहती है।
अमेरिका के अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने भी हाल में सुरक्षा चिंताओं के चलते एक सैन्य ठिकाने पर रहना शुरू किया है। उनसे पहले इस पद पर रहीं पाम बॉन्डी भी पिछले साल सैन्य परिसर में रह चुकी हैं। वहीं, स्टीफन मिलर, उनकी पत्नी केटी और उनके 4 बच्चों ने पिछले साल वर्जीनिया स्थित अपना घर छोड़ दिया था। उनके घर के बाहर विरोध प्रदर्शन हुए थे और उनके घर का पता लिखे पर्चे भी बांटे गए थे। इसके बाद परिवार को सैन्य आवास में भेज दिया गया।
हालांकि, सैन्य आवास में रहना पूरी तरह मुफ्त नहीं है। वहां रहने वाले मंत्रिमंडल के सदस्यों को किराया देना पड़ता है, जो मकान के आकार और सुविधाओं के हिसाब से हर महीने 4,500 डॉलर से अधिक हो सकता है। इस व्यवस्था की शुरुआत पूर्व रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स के कार्यकाल से जुड़ी है। उन्होंने जॉर्ज डब्ल्यू बुश और बराक ओबामा के राष्ट्रपति रहने के दौरान सैन्य आवास में रहना शुरू किया था।
डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल में विदेश मंत्री रहे माइक पोम्पियो ने भी 2018 में सैन्य आवास की मांग की थी। शुरुआत में नौसेना ने उनकी मांग पर आपत्ति जताई थी। एक आंतरिक दस्तावेज में कहा गया था कि विदेश मंत्री जैसे नागरिक पद पर बैठे अधिकारी को सैन्य आवास देने से गलत संदेश जा सकता है। उस समय नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए मकानों की प्रतीक्षा सूची भी थी। बाद में पोम्पियो को वर्जीनिया के फोर्ट मायर में आवास दिया गया।
अब इस व्यवस्था पर अमेरिकी सांसदों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों का कहना है कि सैन्य कर्मियों के लिए बने आवासों का इस्तेमाल राजनीतिक नियुक्ति पाने वाले अधिकारी किस आधार पर कर रहे हैं, इसकी जांच होनी चाहिए। कैलिफोर्निया के सांसद जॉर्ज व्हाइटसाइड्स ने प्रतिनिधि सभा की सशस्त्र सेवा समिति से इस मामले की समीक्षा कराने की मंजूरी हासिल की है। पेंटागन को वसंत ऋतु तक एक रिपोर्ट सौंपनी है, जिसमें सैन्य आवासों में रह रहे अधिकारियों के नाम, उन्हें मिली धमकियों, इस व्यवस्था के कानूनी आधार और उनके द्वारा दिए जा रहे किराये की जानकारी होगी।
गौरतलब है कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के आवास पर खर्च को लेकर भी पहले विवाद हो चुका है। पिछले साल सांसदों को पता चला था कि सेना फोर्ट मैकनेयर स्थित उनके घर की मरम्मत और सुधार पर 137,297 डॉलर खर्च करने की तैयारी कर रही थी। ऐसे में सैन्य आवासों में राजनीतिक अधिकारियों के रहने का मामला अब सुरक्षा के साथ सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल और जवाबदेही से भी जुड़ गया है।