पाकिस्तान में लोगों ने हिंदू मंदिर पर किया हमला, मूर्तियां भी तोड़ी, इमरान खान ने दिए जांच के आदेश

By रेनू तिवारी | Aug 06, 2021

लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में भीड़ ने हिंदुओं के एक मंदिर पर हमला कर मूर्तियों को खंडित कर दिया और मंदिर के कुछ हिस्से को जला दिया। इस पर, प्रधानमंत्री इमरान खान ने क्षतिग्रस्त मंदिर का जीर्णोद्धार करने और सभी दोषियों को गिरफ्तार करने का वादा किया। पाकिस्तान के प्रधान न्यायाधीश गुलजार अहमद ने ‘‘गंभीर चिंता’’ प्रकट की और उन्होंने न्यायालय में इस विषय की सुनवाई शुक्रवार के लिए सूचीबद्ध की है।

पाकिस्तान में क्यों तोड़ा गया हिंदू मंदिर

पुलिस ने बताया कि रहीम यार खान जिले के भोंग शहर में भीड़ ने बुधवार को हिंदू मंदिर पर हमला किया। यह स्थान लाहौर से करीब 590 किलोमीटर दूर है। पुलिस ने बताया गया कि एक मदरसे के पुस्तकालय को कथित तौर पर अपवित्र करने की घटना के बाद कुछ लोगों के उकसाने पर भीड़ ने इस घटना को अंजाम दिया। पिछले हफ्ते हिंदू समुदाय के आठ साल के एक बच्चे ने इलाके के मदरसे के पुस्तकालय में कथित तौर पर पेशाब कर दिया था, जिसके बाद भोंग में तनाव व्याप्त हो गया। इस इलाके में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग दशकों से शांतिपूर्ण तरीके से रहते आए हैं।

इसे भी पढ़ें: पाकिस्तान में विपक्षी दलों की मांग, सैन्य अदालत द्वारा दोषी ठहराए गए लोगों को अपील करने का दिया जाए अधिकार 

आठ साल के मासूस हिंदू बच्चे पर दर्ज किया गया मामला 

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुस्तकालय को कथित तौर पर अपवित्र करने वाले आठ वर्षीय बच्चे के खिलाफ ईशनिंदा का मामला दर्ज कर पिछले हफ्ते उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि, उसे बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। रहीम यार खान के जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) असद सरफराज ने बताया, ‘‘ हमलावरों ने डंडे, पत्थर और ईंटें उठा रखी थीं। उन्होंने धार्मिक नारे लगाते हुए देवी-देवताओं की मूर्तियां खंडित कर दी।’’ उन्होंने बताया कि मंदिर के एक हिस्से को जला भी दिया गया। सरफराज ने बताया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने हालात काबू में कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘रेंजर्स को बुलाया गया और हिंदू मंदिर के इर्द-गिर्द तैनात किया गया।’’

इसे भी पढ़ें: UNSC का अध्‍यक्ष बनते ही भारत ने अपने इरादे किए साफ, अफगानिस्तान पर जताई चिंता, PoK को लेकर कही ये बात

भारत ने  पाकिस्तानी उच्चायोग के प्रभारी को किया तलब

इस घटना को लेकर भारत ने बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग के प्रभारी को तलब किया और इस घटना को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने नयी दिल्ली में मीडिया ब्रीफिंग में कहा, ‘‘यहां पाकिस्तानी उच्चायोग के प्रभारी को आज दोपहर तलब किया गया और पाकिस्तान में हुई इस निंदनीय घटना को लेकर तथा अल्पसंख्यक समुदायों की धार्मिक स्वतंत्रता एवं उनके धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रहे हमलों पर अपनी गंभीर चिंता प्रकट करते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया।’’

 इमरान खान ने हिंदू मंदिर तोड़ने की निंदा की और जांच का वादा किया

इस बीच, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने ट्वीट किया, ‘‘रहीम यार खान जिले में, गणेश मंदिर पर कल हुए हमले की सख्त निंदा करता हूं। मैंने पंजाब के आईजी (पुलिस महानिरीक्षक) से बात की है और सभी दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा किसी पुलिस लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। सरकार मंदिर का जीर्णोद्धार भी कराएगी।’’ इससे पहले, राजनीतिक संचार पर खान के विशेष सलाहकार डॉ शाहबाज गिल ने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि खान ने जिला प्रशासन को घटना की जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

आगजनी और तोड़फोड़ से इलाके में माहौल बेहद खराब

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के सांसद डॉ. रमेश कुमार वांकवानी ने बुधवार को, मंदिर पर हमले के वीडियो ट्विटर पर साझा किए और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से अनुरोध किया कि वे ‘‘आगजनी और तोड़फोड़’’ को रोकने के लिए जल्द से जल्द घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने इस घटना को लेकर अनेक ट्वीट किए। इनमें उन्होंने कहा, ‘‘ रहीम यार खान जिले के भोंग शहर में एक हिंदू मंदिर पर हमला। कल हालात बहुत तनावपूर्ण थे। स्थानीय पुलिस की शर्मनाक लापरवाही। प्रधान न्यायाधीश से कार्रवाई करने का अनुरोध करता हूं।’’ वांकवानी ने बृहस्पतिवार को प्रधान न्यायाधीश अहमद से मुलाकात की और उन्हें मंदिर पर हमले के बारे में सूचना दी।

प्रधान न्यायाधीश ने इस दुखद घटना पर गंभीर चिंता प्रकट की। शीर्ष न्यायालय द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में यह बताया गया है। बयान में कहा गया है, ‘‘मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए प्रधान न्यायाधीश ने न्यायालय के समक्ष इस विषय को शुक्रवार के लिए सूचीबद्ध किया है। साथ ही पंजाब के मुख्य सचिव और राज्य के पुलिस महानिरीक्षक को एक रिपोर्ट के साथ शुक्रवार को न्यायालय में हाजिर होने को कहा है। ’’

पाकिस्तान में हिंसा वाली घटना पर 100 से अधिक हिंदू परिवार रहते हैं

डीपीओ ने बताया कि इलाके में करीब 100 हिंदू परिवार रहते हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस को तैनात किया गया है। इस घटना के संबंध में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी पहली प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को बहाल करना और अल्पसंख्यक समुदाय को सुरक्षा प्रदान करना है।’’ उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2020 में खैबर पख्तूनख्वा के कारक जिले में टेरी गांव में भीड़ ने करीब एक सदी पुराने हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की थी। शीर्ष न्यायालय ने उस घटना पर संज्ञान लिया था।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

IPL 2026 से पहले नेहल वढेरा का संकल्प, फाइनल की हार से सीखा बड़ा सबक

Global Cues ने बिगाड़ा खेल, Sensex में 1000 अंकों की भारी गिरावट, IT-Metal Stocks धड़ाम

T20 World Cup में Italy का बड़ा उलटफेर, Nepal को 10 विकेट से रौंदकर रचा इतिहास

Winter Olympics में Remembrance Helmet पर बवाल, यूक्रेनी एथलीट Heraskevych अयोग्य घोषित