जम्मू कश्मीर के लोग गरीबी की ओर बढ़ रहे, महाराजाओं का शासन मौजूदा सरकार से बेहतर: आजाद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 25, 2021

जम्मू। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने यहां कहा कि पिछले ढाई साल में जम्मू-कश्मीर में व्यापार और विकास गतिविधियों में गिरावट आई है और लोग गरीबी की ओर बढ़ रहे हैं। भाजपा पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए आजाद ने कहा कि महाराजाओं का निरंकुश शासन वर्तमान सरकार की तुलना में कहीं बेहतर था, जिसने द्विवार्षिक ‘दरबार मूव’ की पारंपरिक प्रथा को रोक दिया। दरबार मूव के तहत, गर्मी के छह महीने नागरिक सचिवालय व अन्य कार्यालय श्रीनगर स्थानांतरित हो जाते थे जबकि साल के शेष छह महीने उनका संचालन जम्मू से होता था। इसकी शुरुआत महाराजा गुलाब सिंह ने 1872 में की थी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 20 जून को इस व्यवस्था का खत्म करने की घोषणा की थी। आजाद ने यहां संवाददाताओं से कहा, “मैं हमेशा दरबार मूव का समर्थन करता था। महाराजाओं ने हमें तीन चीजें दीं जो कश्मीर और जम्मू दोनों क्षेत्रों की जनता के हित में थीं और उनमें से एक दरबार मूव थी।” उन्होंने कहा कि महाराजा (हरि सिंह) ने उन लोगों की भूमि और नौकरियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जो इस क्षेत्र से नहीं थे। 

इसे भी पढ़ें: नेशनल कॉन्फ्रेंस परिसीमन आयोग की सिफारिशों के खिलाफ उच्चतम न्यायालय जाएगा : अब्दुल्ला

अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “आज इतने वर्षों के बाद, हम देखते हैं कि महाराजा जिन्हें तानाशाह कहा जाता था, वर्तमान सरकार की तुलना में बहुत बेहतर थे। महाराजा के कार्य जनता के कल्याण के लिए थे, जबकि वर्तमान सरकार ने हमसे तीनों चीजों(दरबार मूव, जमीन और नौकरियों की सुरक्षा) को छीन लिया है।” पिछले ढाई महीने में जम्मू-कश्मीर में कई जनसभाओं के बारे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि उनका आगामी विधानसभा चुनावों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, “लोग व्यथित हैं क्योंकि कोई व्यवसाय नहीं है, कोई नौकरी नहीं है, उच्च कीमतें और विकास कार्य रुक गए हैं।” आजाद ने कहा, “मेरी राय थी कि शहरों में लोग खुश हैं। रघुनाथ बाजार, सिटी चौक और कनक मंडी (जम्मू में) पूरे व्यापारिक समुदाय की नब्ज का प्रतिनिधित्व करते हैं। मैंने जिस भी दुकान का दौरा किया, मैंने पाया कि लोग निराश हैं क्योंकि व्यापार बंद है पिछले पांच साल।” 

प्रमुख खबरें

Uttar Pradesh: Youth Anger और जातिगत गणित के बीच BJP Strategy का मुख्य चेहरा क्यों हैं CM Yogi?

सीरिया के Kobani की जेल में भड़का दंगा, आग लगने से 7 कैदियों की मौत

BRICS Summit: आईएमएफ और World Bank में सुधार की मांग, एकतरफा प्रतिबंधों का कड़ा विरोध

टैगोर विद्वान Ketaki Kushari Dyson का 86 वर्ष की आयु में निधन