By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 22, 2020
नयी दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद (डीडीसी) के चुनाव परिणाम को लेकर मंगलवार को दावा किया कि इस केंद्रशासित प्रदेश के लोगों ने भाजपा और उसकी नीति को खारिज कर दिया है। पूर्व गृह मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘लोकतांत्रिक अधिकारों वंचित किए जाने के बावजूद बिना झुके हुए कश्मीर घाटी के मतदाताओं ने भाजपा एवं उसकी गलत नीति को सख्ती से खारिज किया है। मैं मतदाताओं की उनके साहस और संकल्प के लिए सराहना करता हूं।’’ उन्होंने यह भी कहा, ‘‘जम्मू क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में मतदाताओं ने भाजपा की विभाजनकारी और ध्रुवीकरण की राजनीति को खारिज किया है। कांग्रेस और गुपकर गठबंधन भाजपा के खिलाफ खड़े हुए और उसके समान सीटें जीत सकते हैं। यह एक अच्छा संकेत है।’’