सलामी बल्लेबाजों की जगह तय लेकिन बाकी को बल्लेबाजी क्रम को लेकर लचीला होना होगा : Axar

By Prabhasakshi News Desk | Jan 20, 2025

कोलकाता । इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 श्रृंखला से पहले भारत के उपकप्तान अक्षर पटेल ने कहा कि भारतीय टी20 टीम में सिर्फ सलामी बल्लेबाजों का क्रम ही तय है जबकि बाकी सभी बल्लेबाजों को क्रम को लेकर लचीला रूख अपनाना होगा। भारतीय टीम बुधवार को ईडन गार्डंस पर पहला मैच खेलेगी। बल्लेबाजी क्रम में बार बार बदलाव के बारे में पूछने पर अक्षर ने कहा ,‘‘ यह सिर्फ मेरे बारे में नहीं है बल्कि टीम में सभी पर लागू होता है।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ टी20 क्रिकेट में सही समय पर सही बल्लेबाज का इस्तेमाल करना अहम है।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ अभी यहां आये एक ही दिन हुआ है। हमने (कप्तान सूर्यकुमार यादव, मुख्य कोच गौतम गंभीर और खुद अक्षर) बात की है। टीम नेतृत्व दल पर अतिरिक्त जिम्मेदारी है। बहुत कुछ बदला नहीं है। हमारे पास स्थिर टी20 टीम है और ज्यादा दबाव नहीं है।’’

अक्षर ने कहा ,‘‘ नेतृत्व दल का हिस्सा बनने पर कड़े फैसले लेने पड़ते हैं। हमने इस पर बात की है। एक दूसरे पर भरोसा रखना और सही राय लेना अहम है। हम यह भी बात करते हैं कि जो हो गया, वो वापिस नहीं आने वाला। अगली श्रृंखला से पहले सकारात्मक सोच के साथ उतरना जरूरी है।’’ उन्होंने लंबे समय बाद टीम में लौटे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का स्वागत करते हुए कहा ,‘‘ वह आखिरी बार वनडे विश्व कप 2023 फाइनल खेले थे और रिकवरी के बाद से उन्होंने सैयद मुश्ताक अली और विजय हजारे ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन किया है। सीनियर खिलाड़ी की वापसी से टीम का मनोबल बढता है।

प्रमुख खबरें

NIA ने Punjab रेल विस्फोट मामले में 6 आरोपियों पर दाखिल की Chargesheet

Siddaramaiah के कथित स्टिंग केस में दिल्ली से रितेश पांडे गिरफ्तार, Bengaluru कोर्ट से मिली जमानत

Noida Metro में बना नया कीर्तिमान, 23 अक्टूबर को 1.05 लाख यात्रियों ने किया सफर

MP CM Mohan Yadav ने Dhar में 2,388 करोड़ रुपये की Irrigation Project शुरू की