PM Kisan: महाराष्ट्र के 91 लाख से अधिक किसानों को मिली 1,835 करोड़ रुपये की 24वीं किस्त

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 30, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत महाराष्ट्र के 91,12,765 किसानों के बैंक खातों में 1,835 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। राज्य सरकार के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने दक्षिण मुंबई स्थित अपने आधिकारिक आवास वर्षा से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजार में उर्वरकों की कीमतें बढ़ने के बावजूद उन्हें किसानों के लिए किफायती बनाए रखने पर सरकार ने करीब 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए, जिससे इसका अतिरिक्त बोझ किसानों पर नहीं पड़ा। मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) व्यवस्था के तहत गेहूं और धान किसानों को 24 लाख करोड़ रुपये मिले हैं। वहीं, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पिछले एक दशक में किसानों को दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि पीएम-कुसुम योजना के तहत सिंचाई की लागत कम करने के लिए किसानों को करीब 12 लाख सौर पंप उपलब्ध कराए गए हैं। इससे 80 करोड़ लीटर से अधिक डीजल की बचत हुई है। किसान अतिरिक्त बिजली उत्पादन से भी लाभान्वित हो रहे हैं।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि बदलती जलवायु परिस्थितियों के अनुकूल बीजों की करीब 3,000 नई किस्में भी उपलब्ध कराई गई हैं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पशुपालन के महत्व का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत देशी पशुधन के संरक्षण और वैज्ञानिक तरीके से प्रजनन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खुरपका-मुंहपका बीमारी के खिलाफ देशव्यापी मुफ्त टीकाकरण अभियान के तहत करीब 150 करोड़ टीके लगाए गए हैं।

इससे आठ करोड़ से अधिक किसानों के पशुधन को लाभ मिला है। मोदी ने कहा कि देश में गायों और भैंसों का औसत दैनिक दूध उत्पादन बढ़कर अब करीब आठ लीटर हो गया है जबकि 2013-14 में यह पांच लीटर से कम था।

प्रमुख खबरें

तीन साल की डेटिंग के बाद अलग हुए Palak Tiwari और Ibrahim Ali Khan? साथ होने वाली शूटिंग भी रुकी

Joshimath में Trans Bharat का Helicopter क्रैश, पायलट समेत 6 लोगों की मौत

नेपाल से जुड़े हैं तार...कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास पर मद्रास HC का बड़ा एक्शन, जानें सरकार को क्या नोटिस जारी किया

Cyclone Arnab: ओडिशा के गंजाम में 4 रक्षा हेलीकॉप्टरों से गिराए गए 4500 किलो अनाज के पैकेट