PM Modi ने नेपाल के विकास के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के पैकेज का किया ऐलान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ विभिन्न मुद्दों पर सोमवार को व्यापक वार्ता के बाद उनके देश के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज की घोषणा की। दोनों नेताओं के बीच वार्ता में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले किए गए। दोनों नेताओं ने नेपाल में भारत की सहायता से शुरू की गई कई परियोजनाओं की डिजिटल माध्यम से आधारशिला रखी और उत्तर प्रदेश के अयोध्या एवं नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीमा पार यात्री रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई।

शाह द्विपक्षीय संबंधों को नयी गति देने के उद्देश्य से रविवार को दो दिवसीय यात्रा पर नयी दिल्ली पहुंचे थे। भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से जारी सीमा विवाद को सुलझाने की प्रक्रिया में चीन और ब्रिटेन को शामिल करने संबंधी शाह की मई में की गई टिप्पणियों के बाद दोनों देशों के संबंधों में कुछ तनाव आ गया था। नेपाल के प्रधानमंत्री ने मीडिया के समक्ष अपने बयान में कहा, ‘‘भारत और नेपाल के संबंध हिमालय की तरह मजबूत और महासागरों की तरह विशाल हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘नेपाल में प्राकृतिक आपदाओं और मुश्किल परिस्थितियों के दौरान भारत एक भरोसेमंद पड़ोसी के रूप में हमेशा सबसे पहले मदद के लिए आगे आया है।’’ शाह ने कहा कि आपसी सम्मान, अटूट विश्वास और निरंतर सद्भावना दोनों देशों के संबंधों की आधारशिला हैं।

मोदी ने भी अपने संबोधन में भारत-नेपाल संबंधों की मजबूती का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत पड़ोसी देश के विकास एवं समृद्धि के लिए हरसंभव सहायता देने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोसी देशों का नहीं, बल्कि पारिवारिक जुड़ाव और अटूट विश्वास का है। हम एक-दूसरे की खुशियों और चुनौतियों में साझेदार हैं।’’ मोदी ने कहा, ‘‘हम एक-दूसरे की प्रगति में साझेदार हैं और कठिन समय में एक-दूसरे के लिए सहयोग का स्रोत हैं।’’ प्रधानमंत्री ने अगस्त में नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ में लोगों के मारे जाने पर भारत की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने कहा, ‘‘नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को नयी मजबूती देने के लिए आज हमने 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की है।’’ मोदी ने ऊर्जा क्षेत्र में नेपाल को दी जा रही भारत की सहायता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ‘‘भारत कई वर्षों से नेपाल को पेट्रोलियम उत्पादों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाला एक भरोसेमंद आपूर्तिकर्ता रहा है। हमारी ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति की भावना के अनुरूप इस वर्ष तेल आपूर्ति से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के बावजूद हमने नेपाल को ईंधन, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति जारी रखी है।’’ दोनों देशों ने स्वास्थ्य और शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी वार्ता का उद्देश्य नेपाल और भारत के सदियों पुराने संबंधों को और मजबूत एवं आधुनिक बनाना था। नेपाल के प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘समय की मांग है कि नेपाल और भारत की स्थायी मित्रता की ठोस नींव पर भविष्य के सहयोग के मजबूत स्तंभ खड़े किए जाएं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि आज की वार्ता में हम जिन नतीजों पर पहुंचे हैं, उनसे नेपाल और भारत के संबंध नयी ऊंचाइयों पर पहुंचेंगे।’’

प्रमुख खबरें

Sooraj Barjatya बोले, नई फिल्म Yeh Prem Mol Liya में दिखेगी आज के युवाओं की सोच

West Bengal का नाम अब Paschim Banga होगा! Suvendu Adhikari ने दी प्रस्ताव की जानकारी

Saryu-Kamla Express से जीवंत होंगे Ayodhya और मिथिला के संबंध, उद्घाटन पर बोले Yogi Adityanath

Gujarat के Safari Parks में Diwali पर पहुंचे 80000 से अधिक पर्यटक, 1.59 करोड़ की कमाई