By अभिनय आकाश | Aug 23, 2024
23 अगस्त को पोलैंड से ही ट्रेन के जरिए पीएम मोदी यूक्रेन पहुंचे। उसके बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलदोमीर जेलेंस्की के कंधे पर हाथ रखकर बात करते तस्वीर मीडिया में तेजी से वायरल होने लगी। युद्ध के दौर में पीएम मोदी ने यूक्रेन के अपने दौरे से पहले ही शांति के संदेश की पटकथा लिख दी थी, जब उन्होंने पोलैंड की धरती से अपने संबोधन में साफ कर दिया था कि भारत बुद्ध की विरासत वाली धरती है जो युद्ध नहीं शांति की नीति पर चलता है। ऐसे में पीएम मोदी के यूक्रेन दौरे पर दुनिया की निगाहें टिकी हुई है। वहीं अब पीएम मोदी के यूक्रेन दौरे को लेकर संयुक्त राष्ट्र की तरफ से भी प्रतिक्रिया सामने आई है।
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को यूक्रेन जाने वाले हैं जहां उन्हें राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की से मुलाकात करनी है। कीव यात्रा पिछले महीने उनकी रूस यात्रा के बाद हो रही है, जहां उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ यूक्रेन की स्थिति पर चर्चा की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह यूक्रेन और रूस के बीच संदेश देंगे। प्रधानमंत्री मोदी की मास्को यात्रा के अंत में एक भारत-रूस संयुक्त बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत और कूटनीति के माध्यम से यूक्रेन के आसपास संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की अनिवार्यता पर प्रकाश डाला।