Rajasthan में बोले PM Modi, कांग्रेस की सोच ही विकास विरोधी, उन्होंने सीमावर्ती गांवों को आखिरी गांव माना, हम प्रथम मानते है

By अंकित सिंह | Apr 12, 2024

लोकसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। पीएम मोदी आज राजस्थान के बाड़मेर में चुनावी सभा को संबोधित किया। मोदी ने कहा कि ये जनसैलाब, ये जनसमर्थन बताता है कि बाड़मेर की जनता BJP को भरपूर आशीर्वाद देने का संकल्प ले चुकी है। इस चुनाव में आपका एक-एक वोट विकसित भारत की नींव मजबूत करेगा। ये चुनाव दल का नहीं, देश का चुनाव है। इसलिए आज पूरा देश कह रहा है - 4 जून, 400 पार! उन्होंने कहा कि बाड़मेर हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता स्व. जसवंत सिंह जी का क्षेत्र है। यहां के लोगों ने हमेशा मुझे बोला है - मोदी जी आप देश के दुश्मनों को सबक सिखाओ, बाड़मेर जिताने की जिम्मेदारी हमारी। आप इस बार भी, पहले से ज्यादा वोटों से BJP को जिताएंगे, ये मेरा पक्का विश्वास है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे लिए देश की सीमाएं यहां पूरी नहीं होती, हमारे लिए यहां से देश शुरू होता है। आज अगर देश में 4 करोड़ गरीबों को पीएम आवास मिले हैं, तो मेरे बाड़मेर में भी पौने 2 लाख गरीबों को पक्के आवास का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश की आखिरी सीमा तक सड़कें और हाइवे बना रही है। हमने बाड़मेर में मेडिकल कॉलेज भी खोला है। आज सीमावर्ती बाड़मेर में 72,000 करोड़ रुपये लागत की रिफाइनरी शुरू होने जा रही है। आने वाले समय में इस इलाके में रोजगार के अवसर पैदा होंगे, युवाओं के लिए नए रास्ते बनेंगे। उन्होंने कहा कि यहां के एयरपोर्ट में भी पिछली सरकार ने जमकर रोड़े अटकाए थे। अगर कांग्रेस ने बेवजह ब्रेक न लगाया होता, तो यहां का एयरपोर्ट 2 साल पहले ही चालू हो जाता।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने जिन लोगों को दशकों तक नहीं पूछा, मोदी उनको पूजता है। हमारे आदिवासी समाज के बच्चे आगे बढ़ें, इसके लिए हम एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय खोल रहे हैं। आदिवासी समाज को सिकल सेल एनीमिया से मुक्ति दिलाने के लिए हम अभियान चला रहे हैं। SC/ ST और OBC भाई-बहनों के साथ दशकों तक भेदभाव करने वाली कांग्रेस आजकल एक पुराना रिकॉर्ड बजा रही है। जब भी चुनाव आता है, संविधान के नाम पर झूठ बोलना INDI अलायंस के सभी दलों का फैशन बन गया है। उन्होंने कहा कि वो कांग्रेस, जिसने बाबा साहब के जीते-जी उन्हें चुनाव हरवाया, उन्हें भारत रत्न नहीं मिलने दिया, जिसने देश में आपातकाल लगाकर संविधान को खत्म करने की कोशिश की। आज वो मोदी को गाली देने के लिए संविधान के नाम पर झूठ की आड़ ले रही है।

इसे भी पढ़ें: गढ़चिरौली में दो बुजुर्ग मतदाताओं के लिए निर्वाचन अधिकारियों ने तय किया 107 किमी का कठिन रास्ता

उन्होंने कहा कि ये मोदी ही है, जिसने देश में पहली बार संविधान दिवस मनाना शुरू किया। मोदी ने ही बाबा साहब से जुड़े पंच-तीर्थों का विकास किया। इसलिए, बाबा साहब और संविधान का अपमान करने वाले कांग्रेस और INDI अलायंस के झूठों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मेनिफेस्टो में तो बंटवारे की गुनहगार मुस्लिम लीग की छाप है। अब इंडी अलायंस में शामिल एक और दल ने देश के खिलाफ बहुत खतरनाक ऐलान किया है... जिस पोखरण की धरती ने भारत को परमाणु शक्ति से संपन्न किया, अब INDI अलायंस का कहना है कि हम भारत के परमाणु हथियार नष्ट कर देंगे। भारत जैसा देश, जिसके दो-दो पड़ोसियों के पास परमाणु हथियार हो, उस भारत के परमाणु हथियार INDI अलायंस नष्ट करना चाहता है। ये कैसा गठबंधन है, जो भारत को शक्तिहीन करना चाहता है?

प्रमुख खबरें

Tech कंपनी में बड़ा फेरबदल: Layoffs के बाद Hillary Maxson बनीं नई CFO, AI पर होगा बड़ा निवेश

Aviation Sector से MSME तक को मिलेगी Oxygen, सरकार ला रही नई Loan Guarantee Scheme

Air India के Top Level पर बड़ा फेरबदल, CEO Campbell Wilson का इस्तीफा, नए बॉस की तलाश तेज

Candidates Tournament: Tan Zhongyi की एक गलती पड़ी भारी, Vaishali ने मौके को जीत में बदला