PM Modi आंध्र प्रदेश के Bhogapuram में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का करेंगे उद्घाटन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 01, 2026

विशाखापत्तनम, एक अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगापुरम में 5,000 करोड़ रुपये की लागत से बने अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री पूर्वाह्न लगभग 11 बजे हवाई अड्डे के यात्री टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर तथा मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ हवाई अड्डे का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री खुले वाहन में सवार होकर एक जनसभा स्थल के लिए रवाना होंगे, जहां 13,500 से अधिक आदिवासी महिलाएं और छात्र-छात्राएं भव्य धीमसा नृत्य प्रस्तुति के साथ उनका स्वागत करेंगे।

हवाई अड्डे का वास्तुशिल्प डिजाइन आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है। टर्मिनल की छत का आकार पारंपरिक चुट्टिलू झोपड़ियों और अरकु घाटी के परिदृश्यों को दर्शाता है, जबकि इसका प्रवाहमय रूप उड़ती हुई मछली की मनमोहक गति का प्रतीक है। प्रधानमंत्री इस अवसर पर करीब 18,000 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे।

वह विशाखापत्तनम में 460 करोड़ रुपये की एएसआईपी सेमीकंडक्टर परियोजना का शिलान्यास करेंगे, जिसे एएसआईपी टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और दक्षिण कोरिया की एपीएसीटी के सहयोग से विकसित किया जा रहा है। यह ‘इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन’ के तहत स्वीकृत आंध्र प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर विनिर्माण इकाई होगी। इसमें प्रतिवर्ष लगभग 9.6 करोड़ सेमीकंडक्टर चिपों का उत्पादन होगा और सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए मजबूत सहायक औद्योगिक तंत्र विकसित होगा।

इसी प्रकार प्रधानमंत्री कुरनूल-4 नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र (आरईजेड) के चरण-1 (4.5 गीगावॉट) को राष्ट्रीय ग्रिड से जोड़ने वाली ट्रांसमिशन प्रणाली का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना को पावरग्रिड द्वारा विशेष प्रयोजन वाहन (एसपीवी) के माध्यम से लगभग 5,550 करोड़ रुपये के निवेश से लागू किया जा रहा है। वह कुरनूल पवन ऊर्जा क्षेत्र और सौर ऊर्जा क्षेत्र (आंध्र प्रदेश) के भाग ए और भाग बी की ट्रांसमिशन प्रणाली का उद्घाटन भी करेंगे, जिसे लगभग 3,550 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री अनंतपुर (2,500 मेगावाट) और कुरनूल (1,000 मेगावाट) के सौर ऊर्जा क्षेत्रों की ट्रांसमिशन योजना का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना को पावरग्रिड द्वारा 820 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लागू किया गया है। विज्ञप्ति के अनुसार, मोदी 1,880 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।

इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग-365 बीजी के रेचेरला से गुरुवायगुडेम खंड तक चार लेन वाला नियंत्रित प्रवेश ग्रीनफील्ड राजमार्ग शामिल है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-565 के पेंचलकोना-येरपेडु खंड पर लिंगसमुद्रम में उच्च स्तरीय पुल का शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं से विजयवाड़ा और अन्य शहरों में यातायात जाम कम होगा, सड़क सुरक्षा में सुधार होगा, विशाखापत्तनम और हैदराबाद के बीच यात्रा दूरी और समय में कमी आएगी तथा क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।

प्रमुख खबरें

UP Assembly Elections 2027: भाजपा लगाएगी जीत की हैट्रिक, नितिन नवीन का दावा

Sri Lanka: Easter Attack मामले में 15 दोषियों को 220-220 साल की बामशक्कत कैद

Purvanchal के जिलों में विकास के लिए World Bank संग शुरू होगी 2500 करोड़ की UP EDGE परियोजना

Allahabad High Court: कर्मचारियों को Santa Claus की टोपी पहनने के लिए बाध्य करना गलत