By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 26, 2023
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने व्हाइटफील्ड (कादुगोड़ी) से कृष्णराजपुरा तक 13.71 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन का शनिवार को उद्घाटन किया। 4,249 करोड़ रुपये की लागत से से बनी इस लाइन पर 12 मेट्रो स्टेशन हैं। उन्होंने नव-उद्घाटित मेट्रो लाइन पर सवारी भी की और अपनी यात्रा के दौरान मेट्रो के कर्मचारियों व श्रमिकों समेत विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के साथ बातचीत की। कर्नाटक में मई में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इस मेट्रो लाइन का उद्घाटन किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस चरण में 15.81 किलोमीटर लंबी लाइन बननी है जिसमें से आर.के. पुरम से व्हाइटफील्ड तक 13.71 किलोमीटर लंबे हिस्से का शनिवार को उद्घाटन किया गया। उन्होंने बताया कि इस लाइन के शुरू होने से इस रास्ते पर यात्रा समय में करीब 40 फीसदी की कमी आएगी और सड़कों पर जाम भी कम होगा। बेंगलुरु मेट्रो की यह नयी लाइन आईटी पार्कों, निर्यात प्रोमोशन औद्योगिक क्षेत्रों, मॉल, अस्पतालों और विभिन्न फॉर्चुन 500 कंपनियों में काम करने वाले बेंगलुरु वासियों के लिए मददगार होगी। उन्होंने बताया कि बीईएमएल से खरीदी गई छह कोच वाली पांच ट्रेनें इस रूट पर चलेंगी और अन्य ट्रेनों को बैकअप के रूप में रखा गया है।