By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 22, 2026
(फोटो के साथ) नयी दिल्ली, 22 अगस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के नवनियुक्त पदाधिकारियों से बातचीत की और कहा कि ऐसी बैठकें पार्टी को मजबूत बनाने के लिए नए विचारों तथा दृष्टिकोण पर केंद्रित होती हैं। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व वाली नयी टीम की घोषणा 17 अगस्त को की गई थी और टीम ने पहली बार पार्टी अध्यक्ष और प्रधानमंत्री के साथ बैठक की। बैठक में निवर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारिणी के कुछ पदाधिकारी और कुछ राज्य इकाइयों के अध्यक्ष भी शामिल हुए।
नवीन के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय टीम में 65 पदाधिकारी हैं, जिनमें 51 नए चेहरे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, शनिवार को हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता के बीच सरकार की योजनाओं को पहुंचाने पर चर्चा हुई।