PM Modi ने Space Startups को दिया पूर्ण समर्थन, कृषि और पर्यावरण में तकनीक के उपयोग का आह्वान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 21, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को युवा अंतरिक्ष उद्यमियों को सरकार के पूर्ण समर्थन का आश्वासन देते हुए उनसे अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल को कृषि, पशुधन प्रबंधन, डेयरी, पर्यावरण और आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन से जुड़े अन्य क्षेत्रों तक ले जाने का आह्वान किया। मोदी ने यहां अंतरिक्ष गतिविधियों से जुड़ी 20 स्टार्टअप कंपनियों के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) एवं संस्थापकों के साथ बातचीत में कहा कि अंतरिक्ष कंपनियों और अन्य क्षेत्रों में काम करने वाले संगठनों के बीच अधिक सहयोग से इन प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल का दायरा बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत सरकार भविष्य के लिए देश की क्षमताओं को विकसित करने में अंतरिक्ष स्टार्टअप के साथ खड़ी रहेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष स्टार्टअप फर्मों ने अपने कामकाज के बारे में सार्थक प्रस्तुतियां दीं और उद्योग के विकास के लिए सरकार के अंतरिक्ष क्षेत्र में किए गए सुधारों तथा उनसे पैदा हुए अवसरों की सराहना की। मोदी ने कहा, ‘‘भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र की युवा ऊर्जा से मिलना शानदार रहा। इन युवा उद्यमियों और नवोन्मेषकों ने एक नए और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में कदम रखकर उल्लेखनीय साहस दिखाया है।

उन्होंने जोखिम उठाया, सुधार प्रक्रिया पर भरोसा किया और लगातार प्रयास किए। इसके परिणामस्वरूप भारत ने पिछले कुछ वर्षों में अंतरिक्ष क्षेत्र में काफी प्रगति की है।’’ उन्होंने कहा कि भारत का निजी अंतरिक्ष क्षेत्र देश एवं दुनिया के लिए एक बड़ी ताकत बन सकता है और ऐसा परिवेश विकसित किया जाना चाहिए जहां दुनिया अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए भारत की ओर देखे। इससे देश में वैश्विक प्रतिभा, कंपनियों और निवेश को आकर्षित करने में भी मदद मिलेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरिक्ष स्टार्टअप फर्मों से अटल टिंकरिंग लैब के साथ जुड़ने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे स्कूली बच्चों में जिज्ञासा पैदा होगी और उन्हें अंतरिक्ष क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलेगी। इस चर्चा के दौरान रॉकेट, दोबारा इस्तेमाल के लायक सेमी-क्रायोजेनिक प्रक्षेपण यान, विमान इलेक्ट्रॉनिक्स, उपग्रह, उन्नत प्रणोदन प्रणाली, अंतरिक्ष एवं रक्षा खुफिया, अंतरिक्ष मलबा हटाने तथा कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित स्थानीय मौसम एवं जलवायु संबंधी प्रौद्योगिकी से जुड़ी कंपनियों के प्रमुख शामिल हुए। इन स्टार्टअप फर्मों के प्रमुखों ने निजी अंतरिक्ष क्षेत्र में तेजी से हो रही प्रगति और भविष्य की योजनाओं से प्रधानमंत्री मोदी को अवगत कराया।

उन्होंने सरकार से मिले समर्थन और उद्योग के भीतर सहयोग का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री के साथ चर्चा में स्काईरूट एयरोस्पेस, अग्निकुल कॉस्मोस, पिक्सेल, ध्रुव स्पेस, गैलेक्सी, पियरसाइट, बेलाट्रिक्स एयरोस्पेस, दिगंतरा, सैटश्योर, सुहोरा टेक्नोलॉजीज, मनस्तु स्पेस, एस्ट्रोबेस, टेकमी2स्पेस, व्योमिक, कॉस्मोसर्व स्पेस, ऑर्बिटएआईडी एयरोस्पेस, स्काईसर्व (हाइस्पेस), सेरेन्डिपिटी स्पेस, वासर लैब्स और मिस्टीईओ सहित 20 अंतरिक्ष स्टार्टअप के प्रमुख शामिल हुए।

प्रमुख खबरें

RBI ने साढ़े तीन साल बाद Repo Rate 0.25 प्रतिशत बढ़ाया, 5.5 प्रतिशत हुई नीतिगत दर

Bigg Boss 16 फेम Archana Gautam के मुंबई कैफ़े में चोरी! कैश काउंटर उखाड़ ले गया चोर, CCTV फुटेज शेयर कर दर्ज कराई FIR

RBI मौद्रिक नीति से पहले Rupee में कमजोरी, US Dollar के मुकाबले 96.45 पर फिसला

KPSC परीक्षा धांधली: ED ने पूर्व अध्यक्ष शिवशंकरप्पा साहूकार और सदस्य को किया गिरफ्तार