By अंकित सिंह | Feb 10, 2022
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के एक जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत को याद किया और कांग्रेस पर जबरदस्त तरीके से निशाना साधा। अपने संबोधन के शुरुआत में उन्होंने कहा कि जब वर्चुअल रैली होती है और पिछले दिनों वर्चुअल रैली के माध्यम से आपसे मिलता तो था। मैं दिल्ली में होता जरूर था, लेकिन मेरा मन उत्तराखंड के लिए ही भागता था। मोदी ने कहा कि जब मनोरथ सच्चा हो तो बाबा केदारनाथ और बद्रीनाथ जी सच्ची इच्छा को पूरा कर ही देते हैं। उनके आशीर्वाद से चुनाव आयोग ने भी और मौसम ने भी मुझे आपके बीच आने और आपके दर्शन करने का सौभाग्य दिया। उन्होंने कहा कि कल ही उत्तराखंड भाजपा ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। ये संकल्प पत्र, इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगा। इसमें उत्तराखंड के विकास के लिए, यहां के युवाओं, महिलाओं, किसानों, सभी के लिए नए संकल्प लिए गए हैं।
मोदी ने कहा कि आज अगर वोट के लिए ये लोग जनरल रावत का सियासी इस्तेमाल करना चाह रहे हैं, तो उन्हें जवाब देने की जिम्मेदारी उत्तराखंड के लोगों की है। उत्तराखंड की हमारी डबल इंजन की सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कार्य किया है। उत्तराखंड की पूरी सवा करोड़ की आबादी को अटल आयुष्मान योजना के माध्यम से पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक उत्तराखंड की जनता को पानी की सुविधा से वंचित रखा। पानी के लिए माताओं-बहनों को सर पर घड़ा रखकर कोसो दूर जाना पड़ता था। हमने जल जीवन मिशन के जरिए घर-घर पाइप से पानी पहुंचाने का अभियान शुरू किया। आज उत्तराखंड में करीब 8 लाख घरों तक पाइप से पानी पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि ये लोग तुष्टीकरण, वोट बैंक वाला फॉर्मूला आजमा रहे हैं। ये लोग देवभूमि के लिए किस तरह की यूनिवर्सिटी का समर्थन कर रहे हैं,आप देख रहे हैं।