PM मोदी बोले- विविधता हमें अधिक सशक्त करती है और एकजुट रखती है

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 29, 2022

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में कई भाषाओं, लिपियों और बोलियों का समृद्ध खजाना होने का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘‘विविधता, एक राष्ट्र के रूप में हमें अधिक सशक्त करती है और एकजुट रखती है।’’ रेडिया पर अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ में मोदी ने की विविधता पर जोर दिया और उत्तराखंड की निवासी कल्पना का जिक्र किया, जिन्होंने कर्नाटक में 10वीं की परीक्षा में कन्नड़ में 92 अंक हासिल किए। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमारे देश में कई सारी भाषा, लिपियाों और बोलियों का समृद्ध खजाना है। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग पहनावा, खानपान और संस्कृति, ये हमारी पहचान है। ये विविधता, एक राष्ट्र के रूप में हमें, अधिक सशक्त करती है और एकजुट रखती है।’’ विविधता के उदाहरण को रेखांकित करते हुए मोदी ने छात्रा कल्पना के बारे में चर्चा की। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कल्पना ने हाल में कर्नाटक में 10वीं की परीक्षा पास की है, लेकिन, उनकी सफलता की बेहद खास बात यह है कि, कल्पना को कुछ समय पहले तक कन्नड़ नहीं आती थी। उन्होंने ना सिर्फ तीन महीने में कन्नड़ सीखी बल्कि 92 अंक प्राप्त किए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कल्पना के बारे में और भी कई बातें ऐसी हैं जो आपको हैरान भी करेगी और प्रेरणा भी देगी। कल्पना, मूल रूप से उत्तराखंड के जोशीमठ की रहने वाली हैं। वह पहले टीबी से पीड़ित रही थीं और जब वह तीसरी कक्षा में थीं तभी उनकी आंखों की रोशनी भी चली गई थी, लेकिन कहते हैं न, ‘जहां चाह-वहां राह’।’’ 

इसे भी पढ़ें: वैश्विक महामारी में भी भारतीय स्टार्टअप का मूल्यांकन और धन बढ़ा है: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि कल्पना बाद में मैसूरू की रहने वाली प्रोफेसर तारामूर्ति के संपर्क में आई, जिन्होंने न सिर्फ उन्हें प्रोत्साहित किया, बल्कि हर तरह से उनकी मदद भी की। आज, वह अपनी मेहनत से सबके लिए एक उदाहरण बन गई हैं। मोदी ने पश्चिम बंगाल में पुरुलिया के श्रीपति टूडू का भी जिक्र किया जो पुरुलिया के सिद्धो-कानो-बिरसा विश्वविद्यालय में संथाली के प्रोफेसर हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि टूडू ने संथाली समाज के लिए उनकी अपनी ‘ओल चिकी’ लिपि में देश के संविधान की प्रति तैयार की है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘श्रीपति टूडू जी कहते हैं कि हमारा संविधान हमारे देश के हर एक नागरिक को उनके अधिकार और कर्तव्य का बोध कराता है। इसलिए, प्रत्येक नागरिक का इससे परिचित होना जरुरी है।’’ मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने संथाली समाज के लिए उनकी अपनी लिपि में संविधान की प्रति तैयार करके भेंट के रूप में दी है। मैं, श्रीपति जी की इस सोच और उनके प्रयासों की सराहना करता हूं। यह ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना का जीवंत उदाहरण है।’’ मोदी ने उत्तराखंड की मौजूदा ‘चार-धाम’ यात्रा का भी उल्लेख किया, जहां ‘चार-धाम’ और खासकर केदारनाथ में हर दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंच रहे हैं। 

इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी का केंद्र पर निशाना, नोटबंदी की एकमात्र सफलता अर्थव्यवस्था का ‘डूबना’ है

देश के लोगों की रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का उल्लेख करते हुए मोदी ने तमिलनाडु के तंजावुर के एक स्वयं सहायता समूह द्वारा उन्हें भेजे गए उपहार के बारे में बात की। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इस उपहार में भारतीयता की सुगंध है और मातृ-शक्ति का आशीर्वाद भी। मुझ पर उनके स्नेह की भी झलक है। यह एक खास तंजावुर डॉल है, जिसे जीआई टैग भी मिला हुआ है। मैं तंजावुर के स्वयं सहायता समूह को विशेष धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने मुझे स्थानीय संस्कृति में रचे-बसे इस उपहार को भेजा।’’ मोदी ने कहा, ‘‘आप, अपने क्षेत्र में ये पता लगायें कि कौन से महिला स्वयं सहायता समूह काम कर रहे हैं। उनके उत्पाद के बारे में भी आप जानकारी जुटाएं और ज्यादा-से-ज्यादा इन उत्पादों को उपयोग में लाएं। ऐसा करके आप स्वयं सहायता समूह की आय बढ़ाने में तो मदद करेंगे ही ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ को भी गति देंगे।’’ मोदी ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि देश में अनगिनत लोग समाज सेवा को अपने जीवन का लक्ष्य बना रहे हैं। प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश के मर्कापुरम के रामभूपाल रेड्डी का भी जिक्र किया जिन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली अपनी सारी कमाई बेटियों की शिक्षा के लिए दान कर दी। मोदी ने कहा, ‘‘रेड्डी ने करीब 100 बेटियों के लिए ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ के तहत खाते खुलवाए और उसमें अपने 25 लाख से ज्यादा रुपए जमा करवा दिये।

प्रमुख खबरें

S P Balasubrahmanyam Birth Anniversary: एक दिन में 21 गाने गाकर बनाया था World Record, जानें लेजेंड सिंगर की कहानी

Rahul Gandhi की आर्थिक सुनामी चेतावनी को BJP ने नकारा: Amit Malviya ने गिनाई Modi Govt की Economy उपलब्धियां

अपनी चीजें अपने पास रखिए, मैं किसी और को बेच दूंगा...चीन का मिला साथ तो लूला ने ट्रंप को दिया करारा जवाब

Rajnath Singh का गेम चेंजर फैसला, सशस्त्र बलों को मिली ₹1.25 लाख करोड़ की Financial Freedom, राष्ट्र सुरक्षा होगा मजबूत