PM Modi Birthday | पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर देशव्यापी 'सेवा पखवाड़ा', भाजपा का जनता से सीधा संवाद

By रेनू तिवारी | Sep 17, 2025

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को 75 वर्ष के हो गए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस उपलक्ष्य में 15 दिन से ज्यादा समय के लिए ‘‘सेवा पखवाड़ा’’ शुरू किया है। केंद्र और राज्यों की भाजपा शासित सरकारों ने दो अक्टूबर तक देश भर में स्वास्थ्य शिविर लगाने से लेकर स्वच्छता अभियान चलाने, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मेलों और बुद्धिजीवियों के समागम तक कई तरह के जन संपर्क, कल्याण, विकास और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं। मोदी स्वयं मध्यप्रदेश के धार में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर केंद्रित एक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे। वह जनजातीय आबादी पर केंद्रित एक कार्यक्रम सहित कई अन्य विकास कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे और लोगों को संबोधित भी करेंगे। भाजपा नेताओं, सहयोगियों और अन्य दलों के सदस्यों ने मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, जिन्होंने 2014 के बाद से अपनी पार्टी को अभूतपूर्व भौगोलिक विस्तार और चुनावी सफलता दिलाई है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अथक परिश्रम से देश को नई ऊर्जा दी है और उसे एक नई दिशा दिखाई है।

सिंह ने कहा कि उन्होंने विश्व स्तर पर भारत की क्षमता और सम्मान को बढ़ाया है और लोगों व गरीबों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अनुकरणीय है। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के हर वर्ग की प्रगति के लक्ष्य के साथ ‘‘आत्मनिर्भर और विकसित भारत’’ के निर्माण के लिए कई परिवर्तनकारी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान मिली है।

इसे भी पढ़ें: नाबालिग स्वेच्छा से अभिभावक को छोड़ दे तो अपहरण का मामला नहीं बनता

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मोदी को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता बताया और कामना की कि उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर बने और आतंकवाद तथा भ्रष्टाचार को खत्म कर ‘‘विश्वगुरु’’ बने। जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद मोदी भारत के तीसरे सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले प्रधानमंत्री हैं और निर्बाध कार्यकाल के मामले में दूसरे स्थान पर हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बुधवार को बधाई दी और देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार करने के लिए उनकी प्रशंसा की। मुर्मू ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा, ‘‘आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है।’’ मोदी का 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर शहर में जन्म हुआ था। राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं।

प्रमुख खबरें

विमान अपहरण की कोशिश नाकाम करने वाले भारतीय Pilot स्मित मच्छार की Dubai क्राउन प्रिंस ने की प्रशंसा

Cockpit हमले में 174 यात्रियों की बचाई जान, Flydubai Pilot Smit Machhar से मिले Sheikh Hamdan

Rohit Sharma ने West Indies के खिलाफ रचा इतिहास, ODI में ओपनर के तौर पर पूरे किए 10000 रन

एशियन गेम्स में पाकिस्तान को हराकर भारत ने जीता Gold, BCCI अध्यक्ष मन्हास ने की तारीफ