Operation Sindoor की अपार सफलता के बाद 22 मई को India-Pak Border पर जनसभा को संबोधित करेंगे PM Modi

By नीरज कुमार दुबे | May 17, 2025

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही अपनी पहली रैली को संबोधित करने जा रहे हैं। यह रैली भारत पाकिस्तान सीमा के पास आयोजित की जायेगी। हम आपको बता दें कि भारत द्वारा 7 मई को पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकवादी लॉन्च पैड्स पर किए गए हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 मई को राजस्थान के बीकानेर ज़िले के देशनोक शहर में करणी माता मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। यह उनकी राजस्थान में भारत-पाक सीमा पर पहली और पंजाब के आदमपुर के बाद किसी वायुसेना अड्डे पर दूसरी यात्रा होगी।

इसे भी पढ़ें: मोदी-उद्बोधन जागृत राष्ट्र के हौसलों की उड़ान

हम आपको यह भी बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 मई को एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की एक बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर और उसके बाद उत्पन्न राजनीतिक स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित एनडीए के शीर्ष नेता हिस्सा ले सकते हैं। साथ ही केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और अमित शाह के भी बैठक में मौजूद रहने की उम्मीद है।

हम आपको बता दें कि भाजपा ऑपरेशन सिंदूर को सशस्त्र बलों की विजय के रूप में प्रस्तुत कर रही है। प्रधानमंत्री ने हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में अपने सहयोगी मंत्रियों से कहा था कि वे इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाज़ी से बचें और किसी तरह के राजनीतिक विवाद में न उलझें। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, प्रधानमंत्री ने अपने राष्ट्र को संबोधन में सभी राजनीतिक दलों और राष्ट्रीय एकता की बात की थी जो यह संकेत देता है कि भाजपा इस सैन्य कार्रवाई को राजनीतिक रंग नहीं देना चाहती। सूत्रों ने बताया कि भाजपा अपने सहयोगियों को यह स्पष्ट करना चाहती है कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम एक द्विपक्षीय सहमति के तहत हुआ है।

इसके साथ ही भाजपा अपने जमीनी कार्यकर्ताओं को यह संदेश भी दे रही है कि ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य केवल पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मौजूद आतंकवादियों को निशाना बनाना था, न कि किसी अन्य देश की सेनाओं पर हमला करना। भाजपा के भीतर यह विचार भी है कि भारत को अपनी आर्थिक शक्ति बढ़ानी चाहिए और वैश्विक मंच पर चीन के विकल्प के रूप में उभरना चाहिए, विशेषकर वर्तमान वैश्विक व्यापारिक तनाव के बीच। इसके लिए दीर्घकालिक युद्ध की बजाय सीमित और लक्षित सैन्य कार्रवाई अधिक उपयुक्त है, यही संदेश पार्टी अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों तक पहुंचाना चाहती है।

प्रमुख खबरें

Nepal Flood से बाल-बाल बचे Raipur के पांच दोस्त, चाय के लिए रुकने से टला बड़ा हादसा

Nepal Floods में मरने वालों का आंकड़ा 675 पहुंचा, 2400 लापता लोगों की तलाश जारी

Indus Waters Treaty पर बोले Ishaq Dar, पाकिस्तान का पानी रोका तो परिणाम होंगे गंभीर

Yogi Adityanath ने Gorakhpur में विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- विकास विरोधी बांट रहे समाज