पश्चिम बंगाल का दौरा कर 5,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 22, 2025

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे और तीन महत्वपूर्ण मेट्रो मार्गों समेत 5,200 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब गंभीर आपराधिक आरोपों में गिरफ्तारी के बाद प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों को पद से हटाने के प्रावधान वाले एक संविधान संशोधन विधेयक पर विवाद जारी है। यह विधेयक बुधवार को लोकसभा में पेश किया गया था और इसे संयुक्त समिति को भेज दिया गया।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रस्तावित कानून को तानाशाही करार दिया है और कहा है कि यह सुपर-आपातकाल से भी बड़ा कदम है, जो न्यायपालिका की स्वतंत्रता को खत्म कर देगा।

नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को ‘एक्स’ पर लिखा, मैं कोलकाता में एक रैली के दौरान बंगाल भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करने को लेकर उत्सुक हूं। हर गुजरते दिन के साथ, टीएमसी के खिलाफ जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। हमारे विकास एजेंडे के कारण पश्चिम बंगाल उत्सुकता से भाजपा की ओर देख रहा है।

एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा, कोलकाता के लोगों के बीच आना हमेशा खुशी की बात होती है। इस शहर के विकास के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। शहर में कल के कार्यक्रम मुख्य रूप से कनेक्टिविटी पर केंद्रित हैं।

जिन मेट्रो सेवाओं को हरी झंडी दिखाई जाएगी, उनमें नोआपारा-जय हिंद विमानबंदर, सियालदह-एस्प्लेनेड और बेलेघाटा-हेमंत मुखोपाध्याय मार्ग शामिल हैं। हवाई अड्डे के साथ-साथ आईटी हब क्षेत्रों के लिए कनेक्टिविटी बढ़ाई जाएगी।

मुख्यमंत्री बनर्जी ने कोलकाता मेट्रो के तीन नए खंडों के उद्घाटन समारोह में शामिल न होने का फैसला किया है। टीएमसी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, यह फैसला भाजपा शासित कई राज्यों में पश्चिम बंगाल के प्रवासियों के उत्पीड़न की पृष्ठभूमि में लिया गया है।

प्रमुख खबरें

Pakistan ने Afghanistan से कहा, अपनी जमीन से आतंकी संगठनों पर लगाएं रोक

सऊदी अरब में 2 नागरिकों को मृत्युदंड पर Bangladesh ने मांगी विस्तृत जानकारी

Solar Manufacturing को बढ़ावा दे केंद्र, Chetan Shah ने ALMM समयसीमा बढ़ाने की उठाई मांग

Om Birla की रूसी संसद के अध्यक्ष Vyacheslav Volodin से मुलाकात, भारत-रूस संबंधों पर हुई चर्चा