By अंकित सिंह | Apr 30, 2024
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को तीसरे चरण के मतदान से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों को पत्र लिखा और उनसे कांग्रेस और आई.एन.डी.आई. गठबंधन की प्रतिगामी राजनीति के खिलाफ प्रचार करने का आग्रह किया। उन्होंने उनसे एससी/एसटी और ओबीसी से आरक्षण छीनकर मुसलमानों को आरक्षण देने के उनके एजेंडे के खिलाफ बोलने को भी कहा। मोदी ने लिखा कि वे (कांग्रेस) लोगों की मेहनत की कमाई छीनकर अपने वोट बैंक को देने पर तुले हैं।' कांग्रेस ने यह भी साफ कर दिया है कि वह 'विरासत कर' जैसे खतरनाक विचारों का समर्थन करेगी। इन्हें रोकने के लिए देश को एकजुट होना होगा।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में समाज के हर वर्ग के जीवन की गुणवत्ता में सुधार हुआ है, इनमें से कई परेशानियां दूर हुई हैं। फिर भी, अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है और यह चुनाव सभी के लिए बेहतर जीवन सुनिश्चित करने के हमारे मिशन में निर्णायक होगा। पीएम के पत्र का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री और पोरबंदर से बीजेपी उम्मीदवार मनसुख मंडाविया ने उनके प्रेरक शब्दों के लिए आभार व्यक्त किया. "पिछले 10 वर्षों में आपके द्वारा किए गए कार्यों से गरीबों, युवाओं, किसानों और महिला शक्ति के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। हम सभी कार्यकर्ता आपके इन सुझावों पर कड़ी मेहनत करेंगे।"