PM Modi बोले, नलसाजों की कमी से अटका था PNG कनेक्शन का लक्ष्य

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को एक चुनौती का जिक्र करते हुए कहा कि पर्याप्त संसाधन और धन उपलब्ध होने के बावजूद नलसाजों की कमी के कारण लक्ष्य हासिल नहीं हो पा रहा था। पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में मोदी ने देशभर से आए आईटीआई प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए रोजगार की संभावनाओं को समझाने के लिए ‘पीएनजी कनेक्शन’ का उदाहरण दिया। अपने राजनीतिक विरोधियों पर भी परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विरोधियों को लगता था कि भारत पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष से पैदा हुए खतरों को नहीं संभाल पाएगा।

उन्होंने अपनी सरकार द्वारा किए गए उन प्रयासों का जिक्र किया, जिनसे देश को होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे संकटों से निपटने के लिए तैयार किया गया था। मोदी ने देश में ‘पीएनजी’ (पाइप्ड नेचुरल गैस) पाइपलाइन बिछाने के लिए ‘‘नलसाजों की कमी’’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘‘एलपीजी की उपलब्धता को लेकर संदेह पैदा हो गया और हमारे खास प्रेमी लोग (आलोचक) बहुत खुश थे।

आपने उस समय सुना होगा कि आलोचकों ने क्या-क्या कहा था कि गैस नहीं मिलेगी, चूल्हे नहीं जलेंगे और पेट्रोल पंपों के बाहर लंबी कतारें लग जाएंगी। आपने ये सब सुना होगा। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ।’’ उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध और होर्मुज संकट के कारण गैस आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच सरकार ने शहरों में प्रतिदिन एक लाख ‘पीएनजी कनेक्शन’ देने का लक्ष्य तय किया था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि समीक्षा बैठकों में पता चला कि पर्याप्त संसाधन और धन उपलब्ध होने के बावजूद नलसाजों की कमी के कारण लक्ष्य हासिल नहीं हो पा रहा था। उन्होंने इसके लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह उदाहरण बताता है कि देश में कुशल कामगारों की कितनी बड़ी जरूरत है।

उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा, खेलकूद के सामान, ‘फिटनेस’ और खेल उद्योग जैसे क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Odisha STF ने मुंगेर के दो तस्कर दबोचे, छह हथियार और कारतूस बरामद

Amit Shah ने Arunachal Pradesh में सीमा सुरक्षा और बुनियादी ढांचे की समीक्षा की

Diva-Panvel रेल खंड पर 22 से 29 नवंबर तक रात में ब्लॉक, कई ट्रेनें होंगी प्रभावित

Chhatarpur में 75 जोड़ों का सामूहिक विवाह, CM Mohan Yadav ने की शिरकत