By एकता | Aug 30, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों दो दिवसीय उज्बेकिस्तान दौरे पर हैं। रविवार को ताशकंद में उनका एक अलग अंदाज देखने को मिला। पीएम मोदी ने उज्बेकिस्तान योग फेडरेशन की ओर से आयोजित एक खास योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
ताशकंद पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी विशेष योग सत्र में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में उज्बेकिस्तान के कई योग साधकों ने भी हिस्सा लिया। योग सत्र के दौरान लोगों में काफी उत्साह नजर आया। पीएम मोदी ने प्रतिभागियों के साथ योग किया और उन्हें योग के अभ्यास कराते भी दिखाई दिए। कार्यक्रम खत्म होने के बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों के साथ सेल्फी ली।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “Uzbekistan loves Yoga!” यानी ‘उज्बेकिस्तान योग से प्यार करता है।’
कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी ने वहां मौजूद लोगों की तारीफ करते हुए कहा, “आप लोगों ने बहुत बढ़िया योग किया।” उन्होंने उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति को भी बधाई दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर योग कार्यक्रम की कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं।
पीएम मोदी ने बताया कि इस साल की शुरुआत में अहमदाबाद में पहली वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप आयोजित की गई थी, जिसमें उज्बेकिस्तान ने भी गर्व के साथ हिस्सा लिया था। उन्होंने बताया कि चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले कुछ खिलाड़ी भी ताशकंद के इस कार्यक्रम में मौजूद थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये खिलाड़ी भारत और चैंपियनशिप से शानदार यादें लेकर लौटे हैं। उन्होंने योग को लोकप्रिय बनाने की दिशा में किए जा रहे काम के लिए उज्बेकिस्तान योग महासंघ की भी सराहना की।