PM Narendra Modi ने CM Yogi Adityanath के कर्तव्यनिष्ठा और कानून व्यवस्था की तारीफ की

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एवं उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी जयंत चौधरी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। योगी आदित्यनाथ की सराहना शनिवार शाम यहां कौशल विकास दीक्षांत समारोह के दौरान मोदी और जयंत चौधरी ने की। यह समारोह आदित्यनाथ के हरिद्वार में अपनी मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के कुछ घंटे बाद हुआ।

सावित्री देवी (91) का शुक्रवार को उत्तराखंड के पंचूर गांव में निधन हो गया था। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘योगी आदित्यनाथ की सरकार ने राज्य को एक्सप्रेसवे वाला राज्य बना दिया है, जहां कई हवाई अड्डे, विश्वविद्यालय, फलता-फूलता पर्यटन उद्योग, विनिर्माण और निश्चित रूप से ब्रह्मोस मिसाइलें हैं, जो उत्तर प्रदेश में बन रही हैं। इन्हीं मिसाइलों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुश्मन को डराया।’’ उन्होंने उत्तर प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था का भी जिक्र किया और इस सिलसिले में अपने वाराणसी लोकसभा क्षेत्र की एक कामकाजी महिला से हुई बातचीत का जिक्र किया।

उन्होंने कहा, ‘‘वाराणसी में एक फैक्टरी के उद्घाटन के दौरान मुझे याद है कि वहां काम करने वाली एक महिला ने मुझसे कहा था कि अब वह रात 11 बजे भी आराम से घर लौट आती है।’’ उन्होंने लोगों को यह भी याद दिलाया कि पहले (2017 से पहले) हालात कैसे थे। वर्ष 2017 से पहले कानून-व्यवस्था एक प्रमुख मुद्दा था, जिसके आधार पर भाजपा ने समाजवादी पार्टी (सपा) के खिलाफ 2017 का उत्तर प्रदेश चुनाव जीता था। उत्तर प्रदेश में 2012-2017 तक अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार थी।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘योगी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने (जनता में) सुरक्षा की भावना पैदा की है। यह भावना विकसित भारत का निर्माण करेगी।’’ मुख्यमंत्री को अपनी मां के निधन की खबर शुक्रवार को गोरखपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते समय मिली थी और वह कार्यक्रम खत्म होने के बाद ही उत्तराखंड स्थित अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हुए थे। शनिवार को कौशल विकास दीक्षांत समारोह के मंच पर आदित्यनाथ के आगमन पर जोरदार तालियों से स्वागत किया गया।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘वह अपनी मां के बहुत करीब थे। फिर भी उन्होंने व्यक्तिगत दुख पर काबू पाया और अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के कुछ घंटे बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए लखनऊ पहुंचे।’’ आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, आदित्यनाथ शनिवार को दोपहर करीब सवा दो बजे तक उत्तराखंड में थे, क्योंकि उनकी मां का अंतिम संस्कार हरिद्वार में शीर्ष संतों और राजनीतिक नेताओं की मौजूदगी में किया गया। शाम पांच बजे तक वह कार्यक्रम के लिए लखनऊ लौट आए।

केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने शुरुआत में ही इसका जिक्र किया। चौधरी ने कहा, ‘‘सबसे पहले मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रति आभार व्यक्त करना चाहूंगा। इस कठिन समय में भी उन्होंने यहां कार्यक्रम में मौजूद रहने का फैसला किया और ऐसा करके हम सभी के सामने कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है।’’ चौधरी की पार्टी राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव भाजपा के सहयोगी के रूप में लड़ेगी।

इसके पहले 2022 में रालोद समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में शामिल रहा। हालांकि 2024 के चुनाव से रालोद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा बन गया।

प्रमुख खबरें

West Delhi के Raghubir Nagar में रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग, बुजुर्ग महिला की मौत

Disaster Management के लिए विज्ञान और सोशल साइंस का तालमेल जरूरी: Bihar Governor

Kacchi Dargah Bidupur Bridge: तेजस्वी ने पूछा जब डेढ़ साल से चल रहे वाहन तो अब उद्घाटन क्यों

Jayant Chaudhary ने लखनऊ में WorldSkills Shanghai विजेता कैफ खान से की मुलाकात