By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 30, 2026
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से वार्ता की और द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने इस दौरान व्यापार, रक्षा और ऊर्जा समेत आपसी हित एवं रणनीतिक सहयोग के प्रमुख मुद्दों पर भी चर्चा की। दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत ‘लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026’ के लागू होने के बाद बढ़े व्यापारिक तनाव की पृष्ठभूमि में हुई।
प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और दोनों देशों के लोगों के फायदे के लिए सहयोग को और मजबूत करने के वास्ते करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई। बयान में कहा गया है, ‘‘दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और आपसी हित के अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की।’’ मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप के साथ सार्थक बातचीत हुई। हमने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।