PM Narendra Modi 16 नवंबर से मनीला दौरे पर, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में लेंगे हिस्सा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

(फाइल फोटो के साथ) नयी दिल्ली, 12 नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वार्षिक भारत-आसियान शिखर सम्मेलन और उससे जुड़ी बैठकों में भाग लेने के लिए सोमवार को तीन दिवसीय यात्रा पर मनीला जायेंगे। यह सम्मेलन समुद्री सुरक्षा सहयोग को बढ़ावा देने तथा व्यापार एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने पर केंद्रित रहने की उम्मीद है। मोदी वार्षिक पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे।

फिलीपिन 11 देशों वाले आसियान (दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों का संगठन) के मौजूदा अध्यक्ष के रूप में इन शिखर सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है। मोदी मनीला में वार्षिक ‘क्वाड’ शिखर सम्मेलन में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के साथ शामिल हो सकते हैं। हालांकि, ‘क्वाड’ शिखर सम्मेलन के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

भारत-आसियान एवं पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलनों में, भारत द्वारा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समान विचारधारा वाले देशों के बीच समुद्री सहयोग को और गहरा करने पर जोर दिए जाने की उम्मीद है। आसियान को इस क्षेत्र के सबसे प्रभावशाली संगठनों में से एक माना जाता है। भारत के साथ-साथ अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे कई अन्य देश इसके संवाद भागीदार हैं।

विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रूदेंद्र टंडन ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और आसियान के नेतृत्व वाले 21 वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मनीला जाएंगे। उनकी यह यात्रा 16-18 नवंबर के दौरान होगी।’’ उन्होंने बताया कि मनीला में मोदी के कार्यक्रम में फिलीपिन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर द्वारा इस शिखर सम्मेलन में आए गणमान्य व्यक्तियों के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज में सम्मिलित होना तथा द्विपक्षीय बैठकें करना शामिल होगा। मोदी 17 नवंबर को आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन प्रक्रिया में भाग लेंगे।

टंडन ने बताया कि समुद्री सुरक्षा को मजबूत करना तथा व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ावा देना इस शिखर सम्मेलन के मुख्य विषय क्षेत्रों में शामिल होगा। पूर्वी एशिया सम्मेलन, एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा और रक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने का प्रमुख मंच है। 2005 में अपनी शुरुआत के बाद से, इसने पूर्वी एशिया के रणनीतिक, भू-राजनीतिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आसियान सदस्य देशों के अलावा, पूर्वी एशिया सम्मेलन में भारत, चीन, जापान, कोरिया गणराज्य, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, अमेरिका और रूस भी शामिल हैं। टंडन ने प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘भारतीय समुदाय की ओर से भी प्रधानमंत्री से मिलने की काफी ज़ोरदार मांग है। इसलिए हम उनके कार्यक्रम में इसे भी शामिल करने की कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के बीच गहरे संबंध दोनों पक्षों को तेज़ी से बदलते भू-राजनीतिक हालात का सामना करने के लिए और अधिक मजबूत बनाएंगे।’’ पिछले कुछ वर्षों में भारत और आसियान के संबंध काफ़ी गहरे हुए हैं, जिसमें व्यापार और निवेश के साथ-साथ सुरक्षा और रक्षा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष ज़ोर दिया गया है।

इस साल के आसियान शिखर सम्मेलन का ध्येयवाक्तय ‘भविष्य की राह तय करना’ है। आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौते के बारे में पूछे जाने पर, टंडन ने कहा कि नयी दिल्ली चाहती है कि इस व्यापार समझौते की समीक्षा जल्द से जल्द पूरी हो जाए। उन्होंने कहा, ‘‘इस पर बातचीत चल रही है।’’ प्रस्तावित क्वाड शिखर सम्मेलन के बारे में पूछे जाने पर, टंडन ने कहा, ‘‘फिलहाल हमारे पास इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।’’ पिछले महीने, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि क्वाड शिखर सम्मेलन का अगला संस्करण फिलीपींस में आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान आयोजित किया जाएगा।

प्रमुख खबरें

Kozhikode में Nirmala Sitharaman के फर्जी वीडियो के जरिए महिला से 49.2 लाख रुपये की ठगी

PM 2.5 के लंबे संपर्क से Type-2 Diabetes का खतरा 16 फीसदी तक बढ़ा, नई रिसर्च में खुलासा

Kangpokpi में उग्रवादियों की गोलीबारी में महिला की मौत, दो घायल

Punjab की 117 विधानसभा सीटों के लिए Draft Electoral Roll जारी, 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां