प्रधानमंत्री ने नफरत फैलाकर भारत को कमजोर किया, चीन और पाकिस्तान को फायदा होगा: राहुल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 04, 2022

नयी दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आएसएस) पर देश में नफरत फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि इस नफरत एवं क्रोध के माहौल का फायदा चीन, पाकिस्तान और उन सभी लोगों को होगा जो भारत के दुश्मन हैं। उन्होंने कांग्रेस की, ‘महंगाई पर हल्ला-बोल’ रैली में यह भी कहा कि अब विपक्ष के पास जनता के पास जाने और सीधा संवाद करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है, इसीलिए कांग्रेस सात सितंबर से ‘भारत जोड़ो’ यात्रा निकालने जा रही है।

इसे भी पढ़ें: रैली और कुछ नहीं, राहुल गांधी का रीलॉन्च है, कोई भी कांग्रेस का नेतृत्व नहीं करना चाहता: भाजपा

‘नेशनल हेराल्ड’ से संबंधित कथित धनशोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ का उल्लेख करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को समझ लेना चाहिए कि वह (राहुल) ईडी से नहीं डरने वाले हैं। राहुल गांधी ने कहा, ‘‘जबसे भाजपा की सरकार आई है तबसे देश में नफरत और क्रोध बढ़ता जा रहा है।’’ उनके मुताबिक, ‘‘जिसको डर होता है, उसी के दिल में नफरत पैदा होती है। जिसको डर नहीं होता, उसके दिल में नफरत पैदा नहीं होती।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘देश में भविष्य का डर, महंगाई का डर और बेरोजगारी का डर बढ़ता जा रहा है। इसके कारण नफरत बढ़ती जा रही है। नफरत से लोग बंटते हैं और देश कमजोर होता है। भाजपा और आरएसएस के नेता देश को बांटते हैं तथा जानबूझकर देश में भय और नफरत पैदा करते हैं।’’

इसे भी पढ़ें: गुलाम नबी आजादी ने अपनी पार्टी का एजेंडा पेश किया, पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल कराना प्राथमिकता

गांधी ने किसी का नाम लिए बिना कहा, ‘‘इस डर और नफरत का फायदा किसको मिल रहा है? क्या गरीब आदमी को फायदा मिल रहा है? पूरा का पूरा फायदा हिंदुस्तान के दो उद्योगपति उठा रहे हैं। बाकी उद्योगपतियों से पूछ लो, वो भी बताएंगे कि सिर्फ दो व्यक्तियों का फायदा हुआ है। सब कुछ इन्हीं दो व्यक्तियों के हाथों में जा रहा है।’’ उन्होंने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने का हवाला देते हुए कहा, ‘‘मोदी जी कहते हैं कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया तो हम बताना चाहते हैं कि कांग्रेस ने महंगाई इतनी कभी नहीं बढ़ाई।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री हैं, लेकिन दो उद्योगपतियों के समर्थन के बिना वह प्रधानमंत्री नहीं हो सकते, मीडिया के समर्थन के बिना वह प्रधानमंत्री नहीं हो सकते।’’ राहुल गांधी का कहना था, ‘‘मीडिया पर दो उद्योगपतियों का नियंत्रण है...हमारे लिए सब रास्ते बंद हैं, हमारे लिए सिर्फ एक ही रास्ता बचा है, वो रास्ता है- जनता के बीच जाकर जनता को देश की सच्चाई बताना और जनता की बात को सुनना व समझना।’’ उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ ईडी और सीबीआई को लगा दिया जाता है...नरेंद्र मोदी जी को बताना चाहता हूं कि मैं आपकी ईडी से नहीं डरता। आप 55 घंटे रखो, 100 घंटे रखो, 200 घंटे रखो, पांच साल रखो, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।’’ उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया, ‘‘हमारा संविधान देश की आत्मा है, इसको बचाने का काम हर हिंदुस्तानी को करना पड़ेगा। अगर हमने ये काम नहीं किया तो फिर ये देश नहीं बचेगा’’

राहुल गांधी ने दावा किया, ‘‘नरेंद्र मोदी जी की विचारधारा कहती है कि देश को बांटना है और फायदा कुछ चुनिंदा लोगों को देना है। हमारी विचारधारा कहती है कि यह देश सबका है और फायदा किसानों, मजदूरों और छोटे दुकानदारों को मिलना चाहिए।’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ‘‘मोदी जी नफरत फैला रहे हैं। इससे फायदा भारत को नहीं होगा। इससे फायदा चीन एवं पाकिस्तान को होगा। नफरत से हिंदुस्तान कमजोर होगा। नरेंद्र मोदी जी ने हिंदुस्तान को कमजोर करने का काम किया है।’’ उनके मुताबिक, संप्रग सरकार ने 10 साल में 27 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला था, लेकिन नरेंद्र मोदी सरकार ने 23 करोड़ लोगों को वापस गरीबी में धकेल दिया।

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘खेती से जुड़े तीन काले कानून किसानों के लिए नहीं थे, ये तीन काले कानून दो उद्योगपतियों के लिए थे। ये बात किसान समझ चुके थे, इसलिए हिंदुस्तान के किसान सड़कों पर आ गए और नरेंद्र मोदी को किसानों की ताकत दिखा दी।’’ कांग्रेस ने दावा किया कि आज स्थिति यह है कि देश अगर चाहे भी तो अपने युवाओं को रोजगार नहीं दे पाएगा। उन्होंने दावा किया, ‘‘जो हिंदुस्तान के संस्थान हैं- चाहे मीडिया हो, प्रेस हो, न्यायपालिका हो या चुनाव आयोग हो, उन सब पर दबाव है, उन सब पर सरकार आक्रमण कर रही है। इसलिए हमारे लिए भारत जोड़ो यात्रा महत्वपूर्ण है, हमें जनता के बीच जाना होगा।’’

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी देश को जोड़ती है। कांग्रेस के कार्यकर्ता ही देश को बचा सकते हैं। कांग्रेस की विचारधारा ही देश को प्रगति के पथ पर ला सकती है। हम सीधा जनता के बीच जा कर उनको सच्चाई बताएंगे, जो भी उनके दिल में है, वो समझेंगे।’’ कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी ‘महंगाई पर हल्ला-बोल’ रैली को संबोधित किया। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘‘भाजपा के लोग फासीवादी हैं। इन्होंने लोकतंत्र का मुखौटा पहन रखा है।’’

गहलोत ने कहा, ‘‘गांधी परिवार की विश्वसनीयता प्रधानमंत्री से भी ज्यादा है।’’ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार का ध्यान महंगाई और बेरोजगारी को रोकने पर नहीं, बल्कि सिर्फ इस बात पर है कि राहुल गांधी को कैसे रोका जाए।’’ कांग्रेस की महंगाई के खिलाफ रैली में पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं ने ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारे लगाए तथा कई कार्यकर्ताओं ने बैनर एवं पोस्टरों के जरिये यह मांग भी की कि राहुल को एक बार फिर से पार्टी की कमान संभालनी चाहिए।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

Meghalaya Illegal Mining: NGT के बैन के बावजूद जानलेवा खनन, ब्लास्ट में Assam के 16 मजदूरों की मौत

Delhi Pollution पिछली सरकारों की देन, CM Rekha Gupta बोलीं- अब बनेगी Long-Term Strategy

Bharat Taxi की शुरुआत, ग्राहकों को मिलेगी बेहद सस्ती सवारी, Ola और Uber की मुश्किलें बढ़ना तय है!

CM Yogi का ड्रीम प्रोजेक्ट UP Film City अब हकीकत, Mom-2 से होगी शूटिंग की शुरुआत