By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 18, 2026
(कुमार दीपांकर) नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अशोक चंद्रा ने कहा कि बैंक ने सितंबर तिमाही में 5,500 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज करने के बाद आने वाली कुछ तिमाहियों में इसे बढ़ाकर 6,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। देश के दूसरे सबसे बड़े बैंक ने पिछली चार तिमाहियों में परिचालन लाभ, शुद्ध लाभ और अन्य प्रमुख मानकों पर लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। चंद्रा ने पीटीआई-भाषा को दिए साक्षात्कार में कहा कि बैंक को यह रुझान आगे भी जारी रहने की उम्मीद है।
मुख्य आय में सुधार और फंसे कर्ज में कमी आने से लाभ बढ़ा। यह किसी एक तिमाही में बैंक का अब तक का सबसे अधिक शुद्ध लाभ है। चंद्रा ने कहा कि तिमाही के दौरान करीब 1,000 करोड़ रुपये का कोषागार घाटा होने के बावजूद बैंक परिचालन लाभ में वृद्धि बनाए रखने में सफल रहा।
कोषागार आय सितंबर तिमाही में घटकर 753 करोड़ रुपये रह गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 1,769 करोड़ रुपये थी। उन्होंने बैंक के मुख्य परिचालन लाभ के मजबूत प्रदर्शन को रेखांकित किया। इसमें कोषागार से होने वाला लाभ और वसूली शामिल नहीं होती है।
उन्होंने इसे बैंक के मूल कारोबार की मजबूती का प्रमुख संकेतक बताया। चंद्रा ने कहा कि पिछली तिमाही में करीब 32-34 प्रतिशत वृद्धि के बाद सितंबर तिमाही में मुख्य परिचालन लाभ सालाना आधार पर करीब 29 प्रतिशत बढ़ा। उन्होंने कहा, “हम पहले ही 5,500 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच चुके हैं और इस तिमाही में सितंबर 2025 की तुलना में करीब 1,000 करोड़ रुपये का कोषागार घाटा होने के बावजूद परिचालन लाभ बढ़ाने का लक्ष्य रख रहे हैं।” उन्होंने कहा, “इसके बावजूद हमने परिचालन लाभ में वृद्धि बनाए रखी है।
मुझे लगता है कि कुछ तिमाहियों तक इंतजार कीजिए।” चंद्रा से पूछा गया था कि बाजार पीएनबी के कब 6,000 करोड़ रुपये के तिमाही शुद्ध लाभ वाले बैंकों की श्रेणी में पहुंचने की उम्मीद कर सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्य परिचालन लाभ में लगातार वृद्धि से बैंक को अपने मूल कारोबार की मजबूती और आने वाली तिमाहियों में लाभप्रदता की गति बनाए रखने का भरोसा मिला है। उन्होंने कहा कि बैंक के खुदरा कर्ज में 16 प्रतिशत से अधिक, एमएसएमई क्षेत्र को दिए जाने वाले कर्ज में 19-20 प्रतिशत और कृषि क्षेत्र को दिए जाने वाले कर्ज में 18 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हो रही है त्योहारी सीजन में कर्ज की मांग बढ़ने के बीच पीएनबी को तीसरी तिमाही में खुदरा, कृषि, एमएसएमई और कॉरपोरेट कर्ज में एक से दो प्रतिशत की अतिरिक्त वृद्धि की उम्मीद है।