‘पॉलिटिक्स ऑफ परफॉरमेंस’ की जीत, देश का मूड है कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण अनिवार्य : शाह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 14, 2025

गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रचंड जीत की ओर बढ़ने को ‘पॉलिटिक्स ऑफ परफॉरमेंस’ (काम की राजनीति) और ‘विकसित बिहार’ में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत करार देते हुए कहा कि इस राज्य की जनता ने पूरे देश का मूड बता दिया कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण अनिवार्य है और इसके खिलाफ राजनीति के लिये कोई जगह नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के लोगों ने जिस आशा और विश्वास के साथ राजग को जनादेश दिया है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार उससे अधिक समर्पण से उसे पूरा करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ज्ञान, परिश्रम और लोकतंत्र की रक्षक ‘बिहार भूमि’ की जनता को कोटि-कोटि नमन। बिहारवासियों द्वारा राजग को यह प्रचंड जनादेश, बिहार में विकास, महिलाओं की सुरक्षा, सुशासन और गरीब कल्याण की राजग की संकल्प सेवा पर जनता की मुहर है।’’

शाह ने कहा, ‘‘ पिछले 11 वर्ष में मोदी जी ने बिहार के लिए दिल खोलकर कार्य किए और नीतीश जी ने बिहार को जंगलराज के अंधेरे से बाहर निकालने का काम किया। यह जनादेश ‘विकसित बिहार’ के संकल्प के लिए है।’’

शाह ने कहा, ‘‘बिहारवासियों का एक-एक वोट भारत की सुरक्षा और संसाधनों से खेलने वाले घुसपैठियों और उनके हितैषियों के खिलाफ मोदी सरकार की नीति में विश्वास का प्रतीक है। वोटबैंक के लिए घुसपैठियों को बचाने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है।’’

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जनता ने पूरे देश का मूड बता दिया है कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण अनिवार्य है और इसके खिलाफ राजनीति के लिये कोई जगह नहीं है। शाह ने कहा, ‘‘इसीलिए राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस आज बिहार में आखिरी पायदान पर आ गई है।’’

उन्होंने चुनाव नतीजों को लेकर कहा कि यह ‘विकसित बिहार’ में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने इस बात पर जोर दिया, ‘‘जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले किसी भी भेष में आएं, उन्हें लूटने का मौका नहीं मिलेगा। जनता अब सिर्फ और सिर्फ ‘पॉलिटिक्स ऑफ परफॉरमेंस’ (काम की राजनीति) के आधार पर जनादेश देती है। नरेन्द्र मोदी जी और नीतीश कुमार जी व राजग के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। साथ ही, अपने अथक परिश्रम से इस परिणाम को चरितार्थ करने वाले बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक के भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन करता हूं।’’

शाह ने कहा, ‘‘मैं बिहार की जनता और विशेषकर हमारी माताओं-बहनों को आश्वस्त करता हूं कि जिस आशा और विश्वास के साथ आपने राजग को यह जनादेश दिया है, मोदी जी के नेतृत्व में राजग सरकार उससे अधिक समर्पण से उसे पूरा करेगी।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

Rajya Sabha में India-US Trade Deal पर संग्राम, JP Nadda बोले- कांग्रेस का रवैया लोकतंत्र के लिए खतरा

Canada में 19 साल का लड़का बना Shooter, Extortion के लिए घर पर बरसाईं गोलियां, 2 और गिरफ्तार

India-Pakistan मैच अब खास नहीं? Sanjay Manjrekar बोले- Hype ज्यादा, रोमांच खत्म हो गया है

US Trade Deal से पहले भारत ने चल दिया था अपना दांव, Budget और Labour Codes से इकोनॉमी को बनाया फ्यूचर प्रूफ