By अंकित सिंह | May 05, 2022
राजस्थान में जारी हिंसा की वजह से इस पर राजनीति भी खूब हो रही है। रामनवमी के दौरान करौली में हिंसा हुई थी। अब जोधपुर में दो पक्षों के बीच तनाव की खबर है। राजस्थान में बढ़ते हिंसा और तनाव को लेकर भाजपा लगातार अशोक गहलोत और उनकी सरकार पर हमलावर है। इन सब के बीच आज भाजपा ने राज्य में हुंकार रैली निकाला है। राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में भाजपा गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। दूसरी ओर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर बड़ा आरोप लगा दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भाजपा और आरएसएस एजेंडा तय कर रहे हैं।
वहीं भाजपा की ओर से कहा गया है कि मुख्यमंत्री बजाय अपनी गलती मानने के इसे छोटी मोटी घटना बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। इस मामले की गहनता से जांच होनी चाहिए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि मुख्यमंत्री को जोधपुर आना चाहिए था, लेकिन उनको कांग्रेस के चिंतन शिविर की चिंता ज्यादा है, जोधपुर शहर के लोगों की सुरक्षा की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में हनुमान चालीसा पढ़ना, भगवा लहराना और भगवा फहराना अपराध है तो यह हमारा दुर्भाग्य है। राजस्थान में बहुसंख्यकों पर हमले बर्दाश्त नहीं, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सुरक्षा सुनिश्चित करें, निर्दोषों को ना फंसाया जाए, एक भी दोषी ना बचे, सख्त कार्यवाही हो।